धनबाद। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) धनबाद की स्पेशल टास्क टीम ने धनबाद रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब की तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया। टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या 2-3 के हावड़ा छोर स्थित शौचालय के समीप संदिग्ध अवस्था में बैठे एक युवक को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 40 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में आरपीएफ की स्पेशल टास्क टीम द्वारा स्टेशन परिसर में आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष गश्त एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 2-3 के हावड़ा छोर पर एक युवक नीले रंग के ट्रॉली बैग और मैरून रंग के पिठ्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में बैठा दिखाई दिया। संदेह होने पर टीम ने उसे रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम विवेक कुमार सिंह (30 वर्ष), पिता ऋखेश्वर सिंह, निवासी रामपुर कला, थाना खैरा, जिला सारण (बिहार) बताया। उसने स्वीकार किया कि बैग में रखी अंग्रेजी शराब को वह धनबाद से खरीदकर गंगा-दामोदर एक्सप्रेस से बिहार ले जाता और वहां ऊंचे दामों पर बेचता था।
आरपीएफ ने मौके पर कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों बैगों की तलाशी ली, जिसमें कुल 40 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इनमें 24 बोतल रॉयल चैलेंज, 10 बोतल आइकॉनिक व्हाइट तथा 6 बोतल स्टर्लिंग रिजर्व बी-7 शामिल हैं। जब्त शराब की कुल मात्रा 15 लीटर तथा अंकित कीमत 16,300 रुपये बताई गई है। सभी बोतलों पर “For Sale in Jharkhand Only” अंकित पाया गया।
आरपीएफ ने रात 11:50 बजे जब्ती सूची तैयार कर शराब को जब्त कर लिया और आरोपी को रात 12:15 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को देने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपी एवं जब्त शराब को उत्पाद विभाग, धनबाद के सुपुर्द कर दिया गया।
आरपीएफ द्वारा आईसीजेएस (ICJS) पोर्टल पर आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला गया, लेकिन उसके खिलाफ पूर्व में कोई मामला दर्ज नहीं पाया गया।
इस अभियान में उप निरीक्षक कुन्दन कुमार, सहायक उप निरीक्षक विनोद सिंह, कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल विवेक कुमार तथा कांस्टेबल संजीव कुमार शामिल रहे। आरपीएफ की इस कार्रवाई से स्टेशन परिसर में सक्रिय शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।

