बिहार के नालंदा जिले में भीड़ ने कानून को हाथ में लेते हुए दो युवकों को इतना पीटा की उन्होंने दम तोड़ दिया। मामला राजगीर थाना क्षेत्र की है। यहां चोरी के शक में लोगों ने दो युवकों को धर दबोचा और बेरहमी से उनकी पिटाई कर दी। दोनों युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
चोरी के आरोप में दो युवकों की बर्बर पिटाई
झुनकिया बाबा मंदिर के समीप सोमवार तड़के चोरी के आरोप में उग्र भीड़ ने दो युवकों को पकड़कर बेरहमी से पीट दिया। स्थानीय लोगों द्वारा की गई इस बर्बर पिटाई में दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची राजगीर थाना की गश्ती पुलिस ने दोनों घायलों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया।
इलाज के दौरान अस्पताल में दोनों की मौत
राजगीर के डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि थाना को सूचना मिली कि झुनकिया बाबा मंदिर के पास दो व्यक्तियों को चोरी करते हुए स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया है। सूचना मिलते ही थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े हुए हैं और स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ रखा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देर किए दोनों को उपचार के लिए अनुमंडलीय अस्पताल राजगीर पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की हालत नाजुक बताते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान दोनों युवकों की मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
मृतकों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर निवासी पिंटू कुमार तथा श्रवण कुमार के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए जाते हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों युवक किन परिस्थितियों में घायल हुए और घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

