धनबाद। शहर के मनईटांड़ इलाके में पिछले पांच महीनों के दौरान 10 कुत्तों की रहस्यमयी मौत का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। जनवरी से अब तक अलग-अलग समय पर 10 कुत्ते संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों के बीच चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, कई मामलों में कुत्तों को जहर दिए जाने की आशंका की पुष्टि हुई है। हालांकि, अब तक इस मामले में किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक डॉग कैचर वैन इलाके में नहीं पहुंची है। वहीं, शहर में एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) कार्यक्रम शुरू नहीं होने को लेकर भी लोगों में असंतोष है।
पशु प्रेमियों ने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद निगम की ओर से अपेक्षित पहल नहीं की जा रही है। लोगों ने मामले की गंभीरता से जांच कराने और आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

