तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी को लिखा पत्र, प्रिंस यादव मौत मामले की CBI जांच की मांग

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के पटना में खान सर की ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ और रोशन आनंद की ‘ज्ञान बिंदू’ कोचिंग संस्थानों में विवाद ने सियासी रूप ले लिया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीधे तौर पर मोर्चा खोल दिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर बड़ी मांग की है।

सोशल मीडिया पर साझा किया पत्र

ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के संचालक रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल में हुई संदिग्ध मौत के बाद सूबे की सियासत गरमा गई है। इस बीच, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मामले में सीधा हस्तक्षेप करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को एक पत्र लिखा है। सोमवार को सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर इस पत्र को साझा करते हुए तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार और राज्य पुलिस की निष्पक्षता को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने पीड़ित परिवार की मांग का समर्थन करते हुए पूरे मामले को सीबीआई को सौंपने की मांग की है।

सरकार और पुलिस की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न-तेजस्वी

सीएम के नाम लिखे खत में तेजस्वी यादव ने कहा, “बीते दिनों पटना में दो कोचिंग संस्थानों के आपसी विवाद के बाद कथित रूप से मारपीट, तोड़फोड़ और गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया गया, जिसमें दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए थे। वहीं, कोचिंग संचालक रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदेहास्पद स्थिति में नेपाल में मृत्यु होने की खबर फैलने के बाद यह मामला और गंभीर हो चुका है। इस मामले में सरकार और राज्य पुलिस की कार्यशैली और निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न चिन्ह लग रहे हैं।”

मामले को सीबीआई के सुपुर्द करने की मांग

मुख्यमंत्री से लिखे पत्र मे नेता प्रतिपक्ष ने अनुरोध किया है कि “जनभावना को देखते हुए इस मामले को सीबीआई के सुपुर्द कर दिया जाए जिससे कि इसकी निष्पक्ष, प्रभावी एवं गहराई से जांच हो सके तथा जांचोपरांत दोषी आरोपियों पर समुचित विधिसंगत कार्रवाई सुनिश्चित हो।”

वर्चस्व की लड़ाई के बीच मौत का रहस्य

यह पूरा मामला पटना स्थित ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी और खान ग्लोबल स्टडीज के बीच आपसी रंजिश का है, जिसने हिंसक मोड़ ले लिया था, जिसके बाद कोचिंग हब में सरेआम मारपीट, तोड़फोड़ और कथित तौर पर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया। 

रौशन सर के भाई की मौत के बाद गहराया विवाद

दोनों कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद को लेकर कई तरह के आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए। इस विवाद से जुड़े ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई। पीड़ित परिवार और समर्थकों का आरोप है कि इस घटना में फैजल खान उर्फ खान सर की संलिप्तता है।

Share This Article