भारत में टेलिग्राम पर रोक, नीट परीक्षा से पहले पेपर लीक रोकने के लिए सरकार का बड़ा फैसला

Neelam
By Neelam
3 Min Read

3 मई 2026 को NEET-UG की परीक्षा हुई थी जो लीक हो जाने के कारण रद्द कर दी गई। अब देश में फिर से NEET-UG 2026 की परीक्षा कराई जा रही है और इसके लिए तारीख 21 जून तय हुई है। इस बार पेपर लीक न हो, इसके लिए सरकार कड़ी तैयारी कर रही है। इसी संबंध में एक बड़ा फैसला भी लिया है। सरकार ने देश में फिलहाल टेलीग्राम पर रोक लगा दी है।

22 जून तक अस्थायी रूप से ब्लॉक

सरकार ने इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम को 22 जून तक भारत में अस्थायी रूप से ब्लॉक कर दिया है। यह फैसला राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की सिफारिश पर लिया गया है, ताकि परीक्षा से जुड़ी किसी भी तरह की गलत जानकारी, पेपर लीक की अफवाह या धोखाधड़ी को रोका जा सके। जानकारी के मुताबिक, यह रोक सिर्फ परीक्षा अवधि और उसके तुरंत बाद तक लागू रहेगा।

एडिट फीचर 30 जून तक बंद

सरकार ने टेलीग्राम के मैसेज एडिट फीचर को भी 30 जून तक बंद करने के निर्देश दिए हैं। NTA के मुताबिक, कुछ मामलों में इस फीचर का गलत इस्तेमाल किया गया, जहां पुराने मैसेज को बाद में एडिट कर फर्जी दस्तावेज या प्रश्नपत्र जोड़ दिए जाते थे। इससे ऐसा दिखाया जाता था कि जानकारी पहले से उपलब्ध थी, जबकि असल में ऐसा नहीं होता था।

टेलीग्राम पर लगाई गई रोक

एनटीए के अनुसार, हाल के वर्षों में विभिन्न प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के दौरान सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से गलत सूचनाओं और परीक्षा सामग्री के कथित प्रसार की घटनाएं सामने आई थीं। ऐसे में एहतियाती कदम के तौर पर यह फैसला लिया गया है।

एनटीए ने जारी किया बयान

एनटीए द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि इंफोर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट 2000 की धारा 69ए के तहत टेलीग्राम पर अस्थायी रूप से रोक लगाई गई है और यह रोक 22 जून 2026 तक जारी रहेगी। एक अन्य आदेश के तहत टेलीग्राम को भारत में पहले से भेजे गए संदेशों को संपादित (Edit) करने की सुविधा 30 जून 2026 तक बंद करनी होगी। इसका उद्देश्य उस सुविधा का दुरुपयोग रोकना है, जिसके जरिए राष्ट्रीय परीक्षाओं के बाद नकली पेपर लीक के सबूत तैयार किए जाते थे। इन दोनों कदमों का उद्देश्य सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखना और उन संगठित गिरोहों पर रोक लगाना है जो NEET (UG) 2026 की पुनः परीक्षा देने वाले छात्रों को धोखा देने के लिए टेलीग्राम का उपयोग कर रहे थे।

Share This Article