दुर्गापुर को स्वच्छ बनाने की मुहिम तेज, गंदगी फैलाने वालों पर लगेगा जुर्माना

KK Sagar
2 Min Read

सिटी सेंटर बस स्टैंड में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने चलाया स्वच्छता अभियान, नागरिक शिकायतों के लिए जल्द शुरू होगी हेल्पलाइन

दुर्गापुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने मंगलवार को दुर्गापुर में स्वच्छता को लेकर सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अब सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और सड़क, बस स्टैंड, बाजार या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने अथवा थूकने वाले लोगों के खिलाफ जुर्माना लगाने की व्यवस्था लागू की जाएगी।

मंत्री ने सिटी सेंटर बस स्टैंड में आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया और स्वयं झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से अपने शहर को साफ-सुथरा रखने में प्रशासन का सहयोग करने और स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की।

Advertisement

अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि दुर्गापुर को एक आदर्श और स्वच्छ शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जल्द ही एक विशेष हेल्पलाइन सेवा शुरू की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस हेल्पलाइन के माध्यम से लोग सफाई, जल निकासी, सड़क, प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न नागरिक समस्याओं और शिकायतों की जानकारी सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।

मंत्री ने विश्वास जताया कि प्रशासन और नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से दुर्गापुर को स्वच्छता और बेहतर नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए आम लोगों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....