बिहार में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने, और उनकी जगह बीजेपी के पहले सीएम सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के सत्ता में आने के बाद से लालू परिवार और सरकार में लगातार ठनी हुई है। नई सरकार बनने के बाद से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड के बंगले को खाली करवाने को लेकर सरकार और लालू परिवार आमने-सामने हैं। इस बीच राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है।
बुधवार को जब लालू यादव कहीं जा रहे थे तो मीडिया ने उनसे सवाल किया। इस दौरान आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपनी और राबड़ी देवी की सुरक्षा वापस लिए जाने पर कहा, “हां, (सुरक्षा) वापस ले ली गई है। नीतीश कुमार ने सब कुछ करवाया है।”
लालू और राबड़ी की जेड प्लस सुरक्षा वापस
बता दें कि बिहार सरकार ने हाल ही में सुरक्षा समीक्षा के बाद लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की जेड प्लस सुरक्षा वापस ले ली है। अब उन्हें बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) के गार्ड, जिला पुलिस के बॉडीगार्ड, पायलट वाहन और बुलेटप्रूफ गाड़ी की सुविधा दी जा रही है।
लालू परिवार ने लौटायी सुरक्षा
सुरक्षा में कटौती के विरोध में लालू यादव, राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने आवास पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को लौटा दिया। राजद ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया है। पार्टी का आरोप है कि सरकार उनके नेताओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
ध्यान रहे कि गत 4 जून, गुरुवार को बिहार सरकार द्वारा राज्य में वीआईपी की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के बाद आरजेडी के वरिष्ठ नेता लालू प्रसाद और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की जेड-प्लस सुरक्षा हटा दी गई थी। सरकार की ओर से जारी एक अधिसूचना में कहा गया था कि आरजेडी के दोनों वरिष्ठ नेताओं को अब बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) द्वारा सुरक्षा प्रदान की जाएगी। इस समीक्षा के परिणामस्वरूप, लालू प्रसाद के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप को दी गई वाई श्रेणी की सुरक्षा भी वापस ले ली गई है।

