डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड के छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा और करियर से जुड़ी कई बड़ी खबरें एक साथ सामने आई हैं। राज्य में रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जहां एक तरफ कोल्हान विश्वविद्यालय ने अपने वोकेशनल कोर्स के नामों में बड़ा बदलाव किया है, वहीं दूसरी तरफ झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद ने कृषि और संबद्ध डिग्री पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आज से शुरू कर दी है। इसके अलावा कोल्हान यूनिवर्सिटी के एक प्रमुख कॉलेज में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल भी देखने को मिला है। अगर आप इस शैक्षणिक सत्र में एडमिशन लेने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए इन बदलावों और तारीखों को जानना बेहद जरूरी है।
कोल्हान यूनिवर्सिटी: अब इन नए नामों से जाने जाएंगे वोकेशनल कोर्स
यूनिवर्सिटी प्रशासन के अनुसार एकेडमिक काउंसिल की बैठक में दो प्रमुख वोकेशनल पाठ्यक्रमों के नामों में बदलाव की आधिकारिक मंजूरी दी गई है। इसका उद्देश्य विषयों की पहचान को और अधिक स्पष्ट करना है ताकि छात्रों को डिग्री के बाद रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। इसके तहत जमशेदपुर के करीम सिटी कॉलेज में संचालित होने वाले मास कम्युनिकेशन एंड वीडियो प्रोडक्शन पाठ्यक्रम का नाम अब बदलकर जर्नलिज्म एंड कम्यूनिकेशन कर दिया गया है। वहीं बीएससी के तहत आने वाले एन्वायरमेंट एंड वॉटर मैनेजमेंट कोर्स को अब बीएससी (एन्वायरमेंटल साइंस) के नाम से जाना जाएगा।
चांसलर पोर्टल खुला, अपार आईडी का इस्तेमाल है जरूरी
सत्र 2026-30 के चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम और सत्र 2026-29 के वोकेशनल पाठ्यक्रमों के लिए चांसलर पोर्टल पर ऑनलाइन नामांकन की प्रक्रिया 16 जून से शुरू होकर 5 जुलाई 2026 तक चलेगी। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि छात्र आवेदन करते समय अपनी अपार आईडी का उपयोग अवश्य करें। इससे नाम, लिंग और जन्मतिथि जैसी व्यक्तिगत जानकारियां ऑटोमैटिक सही रूप में दर्ज हो जाएंगी और फॉर्म में मानवीय गलतियों की गुंजाइश खत्म हो जाएगी।
कृषि और पशुपालन से जुड़े 7 पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 2 जुलाई तक मौका
दूसरी ओर झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन और सहकारिता विभाग के निर्देश के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कृषि और उससे जुड़े तकनीकी पाठ्यक्रमों में एडमिशन का रास्ता साफ हो गया है। योग्य इच्छुक अभ्यर्थी (जो भारत के नागरिक और झारखंड के स्थानीय निवासी हैं) 17 जून से 2 जुलाई तक जेसीईसीईबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भर सकते हैं। यह प्रवेश परीक्षा पूरी तरह से ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। इसके जरिए छात्र राज्य के प्रतिष्ठित संस्थानों में 7 प्रमुख डिग्री पाठ्यक्रमों में एडमिशन ले सकेंगे।
बैचलर ऑफ वेटनरी साइंस एंड एनिमल हस्बैंड्री (B.V.Sc. & A.H.)
बीएससी (ऑनर्स) एग्रीकल्चर
बीएससी (ऑनर्स) फॉरेस्ट्री
बीटेक (डेयरी टेक्नोलॉजी)
बैचलर ऑफ फिशरीज साइंस (B.F.Sc.)
बीटेक (एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग)
बीएससी (ऑनर्स) हॉर्टिकल्चर
जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में प्रशासनिक फेरबदल
एडमिशन हलचलों के बीच कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन ने जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में एक बड़ा प्रशासनिक बदलाव भी किया है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, कॉलेज के बर्सर पद से डॉ. अशोक कुमार रवानी को मुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह अब डॉ. अमर कुमार को कॉलेज का नया बर्सर नियुक्त किया गया है, जो जल्द ही अपना कार्यभार संभालेंगे।
चूंकि कॉलेज प्रशासन में वित्तीय प्रबंधन, भुगतान प्रक्रियाओं और आर्थिक लेन-देन के संचालन में बर्सर की भूमिका बेहद केंद्रीय और महत्वपूर्ण होती है, इसलिए इस बदलाव को प्रशासनिक और वित्तीय दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।

