जमशेदपुर मर्डर: …और वो ‘वर्दीवाला’ भी घिर गया! शराब पार्टी में दोस्तों ने ही देवदास की गर्दन में उतार दी गोली, 3 हिरासत में

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: जमशेदपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दोस्ती के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया गया। उलीडीह ओपी क्षेत्र की खड़िया बस्ती में मंगलवार की देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या का आरोप किसी दुश्मन पर नहीं, बल्कि मृतक को घायल हालत में अस्पताल पहुंचाने वाले उसके अपने ही दोस्तों पर लगा है। इन आरोपियों में खाकी का एक चेहरा भी शामिल है, जिससे मामले ने तूल पकड़ लिया है।

इकलौता बेटा था देवदास, रक्षक पर ही लगा भक्षक बनने का आरोप
​मृतक की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर निवासी देवदास गौड़ के रूप में हुई है। देवदास के भाई बबलू प्रधान ने बताया कि वह अपने घर का इकलौता बेटा था और आदित्यपुर की एक कंपनी में काम करता था। मंगलवार शाम करीब चार बजे वह अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन किसे पता था कि वह जिंदा वापस नहीं लौटेगा। वारदात के बाद देवदास को गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए अस्पताल पहुंचाने वाले तीन साथियों देवाशीष पोद्दार (मुख्य आरोपी, जिसने गोली चलाई), ​नीरज प्रधान और पंकज कुमार (आरआईटी थाना में पदस्थापित एएसआई) को हिरासत में लिया है।

शराब के नशे में बढ़ा विवाद, देवाशीष ने दागी गोली
​पुलिस की प्रारंभिक जांच और घटनास्थल से मिले सबूतों के अनुसार, खड़िया बस्ती में सभी दोस्त एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। पुलिस को मौके से चार ग्लास, खून के निशान और कई अहम साक्ष्य मिले हैं। उलीडीह थाना प्रभारी मो. शरिक अली के मुताबिक, घटना के समय सभी लोग भारी नशे में थे। नशे की हालत में किसी बात को लेकर आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि देवाशीष पोद्दार ने आव देखा न ताव और देवदास पर सीधे फायरिंग कर दी। गोली सीधे देवदास की गर्दन में जा धंसी।

बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात के बाद हिरासत में लिए गए तीनों आरोपी लगातार अपने बयान बदल रहे हैं। पहले उन्होंने मामले को कुछ और रूप देने की कोशिश की, लेकिन बयानों में विरोधाभास के कारण पुलिस का शक गहरा गया। पुलिस अब खाकी वाले एएसआई और अन्य दोस्तों से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि मर्डर की असली वजह का खुलासा हो सके।

Advertisement

इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
​इस हाई-प्रोफाइल मर्डर और पुलिसकर्मी का नाम सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से तफ्तीश की जा रही है।

Share This Article