बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने चोरी-डकैती करने वाले गिरोह के 14 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ के दौरान केसरी एजेंसी संचालक के घर हुई डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार करने के साथ-साथ बिहार के विभिन्न जिलों में हुई कई चोरी और डकैती की घटनाओं से जुड़े अहम खुलासे भी किये हैं।
पकड़े गए अपराधी अलग-अलग राज्यों के
पकड़े गए अभियुक्त झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार, भारी मात्रा जिंदा कारतूस और घटना में उपयोग किए गए कई सामानों को बरामद कर लिया है। इस गिरोह के पकड़े गए सदस्यों ने पूछताछ में कई अहम खुलासे किए हैं।
दिन में कचरा बीनने वाले रात में करते थे चोरी-डकैती
पुलिस के अनुसार, इस गैंग के गुर्गे बेहद शातिराना तरीके से अपराध की घटना को अंजाम देते थे और आम लोग इससे अनजान भी बने रह जाते थे। बकौल पुलिस इस गैंग के लोग भोजपुर के आरा स्थित रमना मैदान में टेंट लगाकर रहते थे। दिन में कचरा बीनने और कबाड़ चुनने के बहाने घरों और कॉलोनियों की रेकी करते थे, जबकि रात में चोरी, लूट और डकैती की घटनाओं को अंजाम देकर ट्रेन से वापस लौट जाते थे।
बिहटा व्यवसायी हत्याकांड जांच में अहम खुलासा
बता दें कि बीती 17 मई को बिहटा के केसरी एजेंसी के मालिक के घर में भीषण डकैती हुई थी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। करीब डेढ़ माह पूर्व हुई डकैती की घटना के बाद पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव था। घटना ने बिहटा समेत आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिये थे। इसके बाद पुलिस ने इसे प्राथमिकता में रखते हुए विशेष जांच शुरू की। तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई की गयी। जांच आगे बढ़ी तो एक ऐसे गिरोह का सुराग मिला, जिसके सदस्य अलग-अलग राज्यों से आकर बिहार में वारदातों को अंजाम देते थे।
कई अन्य वारदातों का भी खुलासे की उम्मीद
बिहटा के केसरी दवा एजेंसी मालिक के घर हुई डकैती के अलावा गिरफ्तार सभी अपराधियों के खिलाफ बिहार के कई जिलों के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और डकैती के मामले दर्ज हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टा, कई जिंदा कारतूस, चार गुलेल और दरवाजा तोड़ने सहित चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं।

