भारत आएंगे डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्क रुबियो ने दी जानकारी

Neelam
By Neelam
2 Min Read

भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने संकेत दिया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 2027 की शुरुआत में भारत का दौरा कर सकते हैं।

दोनों देश के बीच व्यापार समझौता अंतिम चरण में

IANS की रिपोर्ट के मुताबिक वॉशिंगटन डीसी में भारत-अमेरिका संबंधों पर बात करते हुए रुबियो ने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते शानदार दौर में हैं। उन्होंने बताया कि जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच बेहद अच्छी मुलाकात हुई थी। दोनों देश अब व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के बेहद करीब पहुंच चुके हैं।

अगले साल ट्रंप की भारत यात्रा की तैयारी

रुबियो ने कहा, ‘हम ट्रेड डील को अंतिम रूप देने से बस कुछ कदम दूर हैं। बातचीत बेहद सकारात्मक रही है। जल्द ही क्वाड की अगली बैठक भी होगी। मैं खुद इस साल के अंत से पहले भारत जाने की उम्मीद करता हूं और अगले साल की शुरुआत में राष्ट्रपति ट्रंप की भारत यात्रा की तैयारी करूंगा।’

भारत को बताया अमेरिका का सबसे करीबी सहयोगी

रुबियो ने भारत को अमेरिका का सबसे करीबी सहयोगी बताया। उन्होंने कहा, ‘भारत, अमेरिका का करीबी सहयोगी है और प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के रिश्ते भी बहुत अच्छे हैं, जो मुझे लगता है कि कूटनीति में बेहद महत्वपूर्ण होते हैं।’

फरवरी 2020 में ट्रंप ने किया था भारत दौरा

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आखिरी बार फरवरी 2020 में भारत का दौरा किया था। उस समय उन्होंने नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता से पहले अहमदाबाद में नमस्ते ट्रंप रैली को भी संबोधित किया था। साल 2024 में अमेरिकी सत्ता में दोबारा लौटने के बाद भी ट्रंप ने भारत के साथ बेहतर संबंधों को बढ़ावा दिया है और दोनों देश व्यापार, रक्षा, प्रौद्योगिकी और हिंद प्रशांत क्षेत्र में सहयोग को बढ़ा रहे हैं। 

Share This Article