पटना मेट्रो का हुआ विस्तार, अब भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक दौड़ेगी ट्रेन, कितना लगेगा किराया?

Reena Sharma
3 Min Read

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना मेट्रो रेल परियोजना के प्रायोरिटी कॉरिडोर का विस्तार और मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का गुरुवार को लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो रेल के मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन से भूतनाथ रोड स्टेशन तक यात्रा भी की।

दोनों डिप्टी सीएम के साथ मुख्यमंत्री ने किया सफर

मेट्रो के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोनों डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव व विजय कुमार चौधरी और मंत्री नीतीश मिश्रा के अलावा मीडियाकर्मियों के साथ मेट्रो का सफर किया। सुबह 11:45 बजे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मेट्रो स्टेशन पहुंचे। मलाही पकड़ी स्टेशन का भ्रमण करने के बाद एस्केलेरेटर के जरिए सभी नेता प्लेटफॉर्म तक पहुंचे और फिर मेट्रो का सफर शुरू हुआ।

Advertisement

पटना शहर के अंदर पहुंची मेट्रो

इसके साथ ही पहली बार मेट्रो पटना शहर के अंदर चली है। पटना मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर के तहत मलाही पकड़ी एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही पटना मेट्रो के नेटवर्क का विस्तार हो गया है। इसके साथ ही कंकड़बाग व राजेंद्रनगर जैसे घनी आबादी वाले इलाकों के लोगों को भी मेट्रो की बेहतर सुविधा मिलने लगेगी। नए स्टेशन के शुरू होने के बाद लोगों का सफर पहले से ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा।

ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी

मेट्रो प्रशासन के अनुसार, मलाही पकड़ी से बैरिया आईएसबीटी तक की कुल 6.2 किलोमीटर की दूरी अब केवल 16 मिनट में पूरी की जा सकेगी। इससे यात्रियों को शहर के ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। साथ ही, समय की भी बचत होगी। फिलहाल इस रूट पर एक ही मेट्रो ट्रेन चलाई जा रही है, जो मलाही पकड़ी से बैरिया आईएसबीटी तक जाएगी और वहीं से वापस लौटेगी। यात्रियों को हर 35 मिनट पर मेट्रो की सुविधा मिलेगी। मेट्रो का संचालन प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक किया जाएगा।

जल्द शुरू होगा खेमनीचक मेट्रो स्टेशन

बता दें कि मलाही पकड़ी के बाद मेट्रो का अगला विस्तार पटना जंक्शन तक किया जाएगा। इस रूट में मोइन-उल-हक स्टेडियम, राजेंद्र नगर, पटना विश्वविद्यालय, पीएमसीएच, गांधी मैदान, आकाशवाणी (रेडियो स्टेशन) और पटना जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल होंगे।मेट्रो अपने अगले चरण में मीठापुर, चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान, करबिगहिया होते हुए पटना जंक्शन तक पहुंचेगी। विभाग की योजना शीघ्र ही खेमनीचक स्टेशन से भी मेट्रो सेवा शुरू करने की है।

Share This Article