धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दरबार में कतरास, चिरकुंडा, निरसा, बाघमारा, तोपचांची, धनबाद, झरिया और कलियासोल सहित विभिन्न इलाकों से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनता दरबार में हाउसिंग कॉलोनी के एक व्यक्ति ने शिकायत की कि कॉलोनी का एक यूट्यूबर, जो स्वयं को मीडिया कर्मी भी बताता है, दबाव बनाकर सार्वजनिक नाले पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण करा रहा है। शिकायतकर्ता ने इसके समर्थन में कई फोटोग्राफ भी उपायुक्त को सौंपे। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने हाउसिंग बोर्ड को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वहीं हीरापुर से पहुंची एक महिला ने आरोप लगाया कि भू-माफिया साजिश के तहत उन्हें उनके एकमात्र आवास से बेदखल कर जमीन हड़पने का प्रयास कर रहे हैं। महिला ने बताया कि नगर निगम को गलत जानकारी देकर उनके मकान को तोड़ने की कोशिश की जा रही है, जबकि संबंधित भू-माफिया ने सरकारी जमीन पर अवैध रूप से चार मंजिला होटल का निर्माण कर रखा है। इस मामले में उपायुक्त ने अनुमंडल दंडाधिकारी को जांच कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना का लाभ दिलाने, जन्म प्रमाण पत्र जारी करने, ऑनलाइन लगान रसीद निर्गत करने, जमीन पर अवैध कब्जा, बीसीसीएल द्वारा गरीब विधवा महिला की जमीन पर कब्जा, जमाबंदी प्रमाण पत्र जारी करने, रेलवे द्वारा अधिग्रहित भूमि का मुआवजा नहीं मिलने तथा सार्वजनिक रास्ता अवरुद्ध किए जाने जैसी कई शिकायतें भी सामने आईं।
इसके अलावा गोविंदपुर से आए एक व्यक्ति ने विद्यालय के समीप संचालित शराब दुकान को बंद कराने की मांग करते हुए आवेदन सौंपा।
जनता दरबार के अंत में उपायुक्त ने सभी प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

