पलामू – डीसी ने नगर निकायों के विकास कार्यों की समीक्षा कर समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश

KK Sagar
2 Min Read

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिले के विभिन्न नगर निकायों द्वारा संचालित विकास योजनाओं एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मेदिनीनगर नगर निगम सहित विभिन्न नगर परिषद एवं नगर पंचायतों में संचालित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया।समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में संचालित एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) योजना, बड़ा तालाब की अद्यतन स्थिति तथा तालाबों की नियमित साफ-सफाई के लिए पॉन्ड क्लीनिंग मशीन के क्रय की प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया।बैठक में शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के लिए प्रस्तावित स्थलों के संबंध में कराए गए सर्वे की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकता वाले स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बारिश के मौसम को देखते हुए उपायुक्त ने मेदिनीनगर शहर में जलजमाव की समस्या पर विशेष चिंता व्यक्त की। उन्होंने सहायक नगर आयुक्त को शहर के जलजमाव वाले स्थलों का विस्तृत सर्वे कराने तथा सर्वे रिपोर्ट के आधार पर स्थायी समाधान हेतु कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि भविष्य में जलजमाव की समस्या से आम नागरिकों को राहत मिल सके।

बैठक के दौरान जुडको द्वारा संचालित योजनाओं, शहरी जलापूर्ति, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, अघोर आश्रम स्थित शहरी आवास योजना, वार्ड-23 में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, होल्डिंग एवं प्रॉपर्टी टैक्स वसूली, सॉलिड एवं लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट, एफएसटीपी, पार्क निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता,सहायक नगर आयुक्त, विभिन्न नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी तथा अर्बन लोकल बॉडी से जुड़े संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....