रामगढ़ – ग्रामीणों को घर के पास मिली ड्राइविंग लाइसेंस : कैंप में मिले 109 आवेदन ; 69 लोगों को मिला लर्निंग लाइसेंस

KK Sagar
2 Min Read

रामगढ़: रामगढ़ प्रखंड परिसर में परिवहन विभाग की ओर से आयोजित एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कैंप का उद्घाटन रामगढ़ विधायक ममता देवी ने किया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के नजदीक ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना था।

कैंप में बड़ी संख्या में वाहन चालकों और युवाओं ने हिस्सा लिया। विशेष शिविर के दौरान 109 लोगों ने लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया, जिनमें से 69 पात्र आवेदकों को मौके पर ही लर्निंग लाइसेंस जारी किया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने बताया कि विभाग आम नागरिकों को सरल, सुलभ और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विभिन्न प्रखंडों में इस तरह के विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

कैंप के साथ-साथ सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भी चलाया गया। मोटरयान निरीक्षक मोनू मृणाल और विपुल उरांव के नेतृत्व में लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के लिए जागरूक किया गया। सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई तथा यातायात नियमों से जुड़े जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए।

अंचल अधिकारी रमेश रविदास ने परिवहन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए बेहद उपयोगी हैं। इससे लोगों को लाइसेंस बनवाने में सुविधा मिलेगी, बिना लाइसेंस वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगेगी और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....