डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने कार्य में ढिलाई बरतने वाले क्षेत्रों पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर डिजिटाइजेशन और गणना प्रपत्रों का वितरण हर हाल में पूरा होना चाहिए।
इन 5 क्षेत्रों में प्रगति खराब, BLO से सीधे संवाद का आदेश
समीक्षा बैठक के दौरान डेटा सामने आया कि कुछ विशिष्ट क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन की रफ्तार काफी धीमी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने इस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित ERO और AERO को खुद कमान संभालने को कहा है।
कम प्रगति वाले मुख्य क्षेत्र
गुड़ाबांदा, जुगसलाई, जेएनएसी, पटमदा, जमशेदपुर पश्चिम।
DC ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सीधे बीएलओ से नियमित संवाद स्थापित करें और कार्यों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
बॉटम 20 बूथों की होगी विशेष घेराबंदी
काम में तेजी लाने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने एक नई रणनीति तैयार की है। अब हर विधानसभा क्षेत्र के सबसे कम प्रगति वाले 20-20 बूथों की पहचान की जाएगी।
विशेष निगरानी: इन चिह्नित बूथों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
डेली प्रोग्रेस रिपोर्ट: संबंधित AERO इन बूथों पर तैनात बीएलओ के कार्यो की रोजाना समीक्षा करेंगे और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट सुनिश्चित करेंगे।
ASDD एंट्रीज तुरंत क्लियर करने के निर्देश
वोटर लिस्ट को पूरी तरह त्रुटिहीन बनाने के लिए डीसी ने अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लिकेट श्रेणी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि इस श्रेणी से संबंधित सभी प्रविष्टियों का डिजिटाइजेशन तत्काल पूरा किया जाए, ताकि पुनरीक्षण कार्य में कोई देरी न हो। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी मौजूद थे। सभी को दोटूक हिदायत दी गई है कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य कर एसआईआर-2026 अभियान को समय पर और सफलतापूर्वक संपन्न कराएं।

