धनबाद में रेलवे सिग्नल केबल चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; 8 मीटर कॉपर केबल बरामद

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) धनबाद ने रेलवे के सिग्नल विभाग का कॉपर केबल चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों की निशानदेही पर चोरी किया गया 8 मीटर सिग्नल कॉपर केबल भी बरामद कर लिया गया है। बरामद केबल की अनुमानित कीमत 5,000 रुपये बताई गई है।

मामले के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को कतरासगढ़ स्टेशन के समीप पॉइंट संख्या 399 के फेल होने की सूचना मिलने पर सिग्नल विभाग और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त निरीक्षण के दौरान डीके 13/21-23 के पास रेलवे के सिग्नल विभाग का 8 मीटर 2×12 कोर कॉपर केबल कटा हुआ मिला, जिसे अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया था। बाद में सिग्नल विभाग ने केबल जोड़कर रेल परिचालन सामान्य किया।

घटना के बाद आरपीएफ की कैंपिंग टीम ने आसपास गश्त और निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पूछताछ की गई। उसने अपनी पहचान सोमार भुइयाँ के रूप में बताई और स्वीकार किया कि उसने अपने साथी अजय पासी उर्फ टेकला पासी के साथ मिलकर रेलवे का सिग्नल केबल काटकर चोरी की थी। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि बेरोजगारी और आर्थिक तंगी के कारण वे रेलवे ट्रैक के किनारे लगे कॉपर केबल चोरी कर फेरीवालों को बेच देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखा गया चोरी का 8 मीटर कॉपर केबल बरामद कर लिया गया।

इस संबंध में सिग्नल विभाग की लिखित शिकायत पर रेसुब पोस्ट धनबाद कांड संख्या 19/26, दिनांक 5 जुलाई 2026 के तहत रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम [RP(UP) Act] की धारा 3 में मामला दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी में अजय पासी उर्फ टेकला पासी निवासी लकड़का चार नंबर, थाना कतरास, जिला धनबाद जबकि दूसरा सोमार भुइयाँ, निवासी लकड़का 16 नंबर, थाना कतरासगढ़, जिला धनबाद का है।

आपराधिक रिकॉर्ड

आरपीएफ के अनुसार, अजय पासी उर्फ टेकला पासी के खिलाफ पहले भी वर्ष 2015 में रेलवे संपत्ति चोरी का मामला दर्ज है, जबकि सोमार भुइयाँ के विरुद्ध पूर्व में कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं मिला है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....