पलामू: चैनपुर थाना क्षेत्र के एक आपराधिक मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को चारों आरोपियों के घरों पर विधिवत न्यायालय का इश्तिहार चस्पा किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 5 अगस्त 2026 तक आत्मसमर्पण नहीं करने पर आरोपियों की कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
यह कार्रवाई चैनपुर थाना कांड संख्या 124/2026 (23 मई 2026) से जुड़े मामले में माननीय न्यायालय, मेदिनीनगर के आदेश पर पुलिस अवर निरीक्षक क्षितिज कुमार सोनी के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, जिन आरोपियों के खिलाफ इश्तिहार चस्पा किया गया है उनमें राहुल कुमार सिंह उर्फ बादल सिंह, जयराम सिंह, चंदन सिंह और बगन सिंह शामिल हैं। सभी आरोपी रामपुर, पोस्ट कटुअल, थाना चैनपुर, जिला पलामू के निवासी हैं और लंबे समय से फरार चल रहे हैं।
यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27(1) के तहत दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि यदि चारों आरोपी 5 अगस्त 2026 तक न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो न्यायालय के अगले आदेश के अनुसार उनके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस ने सभी फरार आरोपियों से समय रहते न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने की अपील की है।

