बांकीपुर विधानसभा सीट से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी प्रशांत किशोर अपनी किस्मत आजमाने के लिए चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। इस बीच दिग्गज अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के बयान से राजनीतिक गलियारों में बड़ी हलचल मच गई है। शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया पर प्रशांत किशोर के समर्थन में खुलकर अपनी राय रखी है।
प्रशांत किशोर की जमकर तारीफ
शत्रुघ्न सिन्हा ने अंग्रेजी में संदेश देते हुए पीके के बांकीपुर से चुनाव लड़ने को राजनीतिक धमाका करार दिया है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “बिहार में राजनीतिक धमाका! सबसे काबिल, दूरदर्शी, बेहतरीन बुद्धिजीवी और जन-जन के नेता प्रशांत किशोर आखिरकार चुनावी मैदान में उतर आए हैं। उनकी उम्मीदवारी से बिहार ही नहीं, पूरे देश की राजनीति में हलचल मच गई है।
शत्रुघ्न सिन्हा की युवाओं से बड़ी अपील
बिहारी बाबू के नाम से मशहूर अभिनेता ने जनता से प्रशांत किशोर के लिए समर्थन मांगा है। उन्होंने कहा है, एक बिहारी होने के नाते मैं इसे बेहद महत्वपूर्ण मानता हूं। आज समय की मांग है कि लोग, खासकर युवा, जाति, धर्म और पार्टी से ऊपर उठकर उनका समर्थन करें। जय बिहार! जय हिंद!”
बांकीपुर से चुनाव लड़ चुके हैं शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट शत्रुघ्न सिन्हा के परिवार के लिए नई नहीं है। सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा भी बांकीपुर से किस्मत आजमा चुके हैं। 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में वो पटना की बांकीपुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में अपना पहला चुनाव लड़े ले, लेकिन वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नितिन नवीन से हार गए थे।

