धनबाद की सियासत में ‘प्रिंस खान’ की एंट्री! फ्लाईओवर विवाद से उठी चिंगारी, सांसद- विधायक आमने-सामने

KK Sagar
3 Min Read

फ्लाईओवर की लड़ाई अब गैंगस्टर कनेक्शन के आरोपों तक पहुंची, दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर साधा निशाना

धनबाद: फ्लाईओवर निर्माण के श्रेय को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब पूरी तरह नए मोड़ पर पहुंच गया है। सांसद ढुलू महतो और विधायक अरूप चटर्जी के बीच चल रही सियासी जंग अब कथित प्रिंस खान कनेक्शन के आरोपों तक पहुंच गई है। दोनों नेता एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए आमने-सामने आ गए हैं, जिससे धनबाद की राजनीति गरमा गई है।

विगत दिनों विधायक अरूप चटर्जी ने सांसद पर कथित रूप से गैंगस्टर प्रिंस खान से संबंध होने का आरोप लगाया था। इस मामले में उन्होंने निरसा थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई। अब सांसद ढुलू महतो ने प्रेस वार्ता कर पलटवार करते हुए विधायक पर सवालों की बौछार कर दी।

सांसद ने दावा किया कि विधायक के कुछ करीबी सहयोगियों, जिनमें मोईज और रिजवान के नाम शामिल हैं, के कथित तौर पर प्रिंस खान से संबंध रहे हैं। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मोईज की विधायक अरूप चटर्जी के साथ मौजूद तस्वीरें भी मीडिया के सामने दिखाईं और इन्हीं तस्वीरों के आधार पर विधायक से उनके संबंधों पर जवाब मांगा।

ढुलू महतो ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति का प्रिंस खान से संबंध है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सच्चाई जनता के सामने लाई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि फ्लाईओवर निर्माण के मूल मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की राजनीति की जा रही है।

सांसद ने यह भी कहा कि वह इस मामले को गृह मंत्रालय तक ले जाएंगे और आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय का भी दरवाजा खटखटाएंगे, ताकि किसी प्रकार की जांच प्रभावित या “मैनेज” न हो सके।

हालांकि, विधायक अरूप चटर्जी की ओर से सांसद के इन आरोपों पर क्या जवाब आता है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है और कथित प्रिंस खान कनेक्शन को लेकर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि यह सियासी विवाद आगे क्या नया मोड़ लेता है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....