समस्तीपुर में गैंगवार में डबल मर्डर, कुख्यात प्रभात चौधरी और सन्नी को अपराधियों ने गोलियों से भूना

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के समस्तीपुर जिले में एक बड़ी वारदात से हड़कंप मच गया है। जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र स्थित नामापुर दरिया गांव में मंगलवार देर रात हुए दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। बताया जाता है कि 8 से 10 बदमाशों ने गोली मारकर दो लोगों की हत्या कर दी है। मृतकों की पहचान प्रभात चौधरी और सन्नी कुमार के रूप में हुई है। हत्या के पीछे गैंगवार की आशंका जताई जा रही है।

ताबड़तोड़ फायरिंग में प्रभात चौधरी और सन्नी की मौत

जानकारी के मुताबिक, समस्तीपुर के चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर दरिया गांव में देर रात बदमाशों ने शराब तस्करी से जुड़े प्रभात चौधरी और सन्नी कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में गोली लगने से प्रभात चौधरी और उनके साथी सन्नी कुमार की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही चकमेहसी थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी।

घात लगाए 8 से 10 अपराधियों ने घेरकर बरसाई गोलियां

बताया जा रहा है कि बीती रात प्रभात चौधरी अपने चार साथियों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी से नामापुर दरियापार गांव गया हुआ था। इसी दौरान बागमती नदी पर बन रहे पुल के पास पहले से घात लगाए 8 से 10 की संख्या में आए अपराधियों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। जैसे ही गाड़ी रुकी और प्रभात व सन्नी नीचे उतरे, अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन अपराधियों की गोलियों का शिकार हो गए। इस दौरान स्कॉर्पियो चला रहा ड्राइवर गाड़ी लेकर मौके से भाग निकला, जबकि एक अन्य साथी ने भी किसी तरह छिपकर अपनी जान बचाई।

गैंगवार में हत्या की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रभात चौधरी के शरीर पर एक दर्जन से अधिक गोलियां लगने की बात सामने आ रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी। इस डबल मर्डर को सीधे तौर पर गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। मृतक प्रभात चौधरी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस के अनुसार, प्रभात चौधरी के खिलाफ शराब तस्करी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई आपराधिक मामले दर्ज थे। बताया जाता है कि प्रभात चौधरी हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए थे।

Share This Article