डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले से एक बेहद दर्दनाक और प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करने वाली खबर सामने आई है। गम्हरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और एंबुलेंस के समय पर न पहुंचने से गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर उग्र प्रदर्शन किया।
फॉल्स सीलिंग का काम कर घर लौट रहे थे युवक
मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक फॉल्स सीलिंग का काम करते थे और रात में अपना काम खत्म कर बाइक (संख्या JH 05 DN-3281) से घर लौट रहे थे। इसी दौरान छोटा गम्हरिया स्थित निर्मल पथ के सामने पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक (संख्या MH 12 LT-8538) ने उन्हें रौंद दिया।
मौके पर नहीं मिली मदद, निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद का मंजर बेहद खौफनाक था। दुर्घटना में 22 वर्षीय मोहम्मद निसार निवासी अंसार नगर, डेमडुबी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक 18 वर्षीय मोहम्मद रेहान निवासी गौसनगर गंभीर रूप से घायल होकर तड़पता रहा। आक्रोशित ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के काफी देर बाद तक न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही सरकारी एंबुलेंस। इसके बाद स्थानीय लोगों ने खुद हिम्मत दिखाई और निजी एंबुलेंस का इंतजाम कर रेहान को टाटा मेन हॉस्पिटल भिजवाया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
लोगों का फूटा गुस्सा, मुख्य मार्ग घंटों रहा जाम
प्रशासन और स्वास्थ्य व्यवस्था की इस कंगाली को देख स्थानीय लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई और यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलने के बाद गम्हरिया थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और उग्र लोगों को समझा-बुझाकर बमुश्किल शांत कराया, जिसके बाद सड़क जाम हटाया जा सका।
आरोपी ट्रक चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे के तुरंत बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।

