बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक ‘बंटी’ ने गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन में दी गई जानकारी के मुताबिक अभिषेक दसवीं पास हैं और वह 19 लाख 60 हजार 216 रुपए के मालिक हैं। 26 साल से बीजेपी कार्यकर्ता के रूप में काम करने वाले अभिषेक बंटी पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें कि बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक ‘बंटी’ का मुकाबला जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर से होना है।
इतने बढ़े-लिखे हैं बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक
सीएम सम्राट चौधरी, जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा सहित एनडीए के नेताओं की मौजूदगी में अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी ने गुरुवार को अपना पर्चा दाखिल किया। इस दौरान उन्होंने अपने शपथ पत्र में कई महत्वपूर्ण जानकारी दी है। नामांकन पत्र के साथ दाखिल शपथ पत्र के अनुसार, अभिषेक कुमार का जन्म एक अप्रैल 1984 को पटना के बांकीपुर इलाके में हुआ था। उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक (मध्यमा बोर्ड) बताई है। शपथ पत्र में बताया गया है कि उन्होंने वर्ष 2000 में दरभंगा जिले के चौधरी संस्कृत सेकेंड्री स्कूल, थाथोपुर से दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसके बाद उन्होंने आगे की पढ़ाई नहीं की।
इतनी है अभिषेक बंटी की संपत्ति
चुनावी हलफनामे के मुताबिक, अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी के नाम पर कोई अचल संपत्ति नहीं है। उन्होंने बताया है कि उनके पास न खुद का मकान है, न कृषि योग्य जमीन और न ही कोई कमर्शियल प्रॉपर्टी। 41 वर्षीय भाजपा उम्मीदवार ने अपनी कुल चल संपत्ति करीब 19.60 लाख रुपये घोषित की है। इसमें 11 ग्राम सोने की अंगूठी और चेन भी शामिल है। उनकी पत्नी के पास 32 ग्राम सोने के जेवर हैं, जिसकी कीमत 4 लाख 24 हजार है और 400 ग्राम चांदी के जेवर हैं, जिसकी कीमत 98 हजार रुपए हैं।
करीब 10 लाख रुपये का है कर्ज
हलफनामे में अभिषेक बंटी ने यह भी बताया है कि उन पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र का करीब 10 लाख रुपये का लोन बकाया है। पटना के वेस्ट आनंदपुरी स्थित मंदिर मार्ग निवासी अभिषेक ने अपनी वार्षिक आय करीब 4.98 लाख रुपये बताई है, जो उनके व्यापार से होने वाली आमदनी है। इसके साथ ही उनके पास 2018 में खरीदी गई एक होंडा की कार और एक मोटरसाइकिल है। उनकी पत्नी के नाम पर कोई वाहन नहीं है।
अभिषेक का राजनीतिक सफर
अभिषेक करीब 26 सालों से बीजेपी से जुड़े हैं। 1999 में वे भाजपा से जुड़े थे। 2013 में पहली बार मंडल अध्यक्ष बने। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के कृष्णा मंडल की जिम्मेदारी उन्हें मिली थी। 2020 में उन्हें युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। इस दौरान उन्होंने युवाओं को पार्टी से जोड़ा। 2023 में उन्हें बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के गौतम बुद्ध मंडल का प्रभारी बनाया गया। साथ ही युवा मोर्चा की नई टीम में प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व भी दिया गया था। वे लंबे समय से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। पार्टी उनके सहारे युवा और सामान्य कार्यकर्ता के नैरेटिव पर चुनाव लड़ना चाहती है।
नितिन नवीन के साख की परीक्षा
बांकीपुर सीट भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती है। इस सीट से नितिन नवीन लगातार पांच बार विधानसभा पहुंचे हैं। उनके राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई इस सीट पर भाजपा ने संगठन के भरोसेमंद चेहरे अभिषेक कुमार ‘बंटी’ को टिकट दिया है। ऐसे में ये चुनाव नितिन नवीन के साख की परीक्षा साबित होने वाली है।

