पटना में पूर्व मुखिया का शव मिलने के बाद बढ़ा बवाल, हत्या के आरोप पर हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Neelam
By Neelam
2 Min Read

पटना के दानापुर अंतर्गत बिहटा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां राघोपुर पंचायत के पूर्व मुखिया संजय सिंह यादव का शव शुक्रवार की सुबह खेत स्थित एक बोरिंग के पास से बरामद किया गया। शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पूर्व मुखिया की हत्या की खबर आग की तरह फैल गई।

आक्रोशित लोगों ने सड़क पर की आगजनी

पूर्व मुखिया की हत्या की खबर जैसे ही राघोपुर पंचायत के लोगों को मिली, ग्रामीण सड़क पर आ गए और सरकार और पुलिस प्रशासन विरोधी नारेबाजी करने लगे। आक्रोशित लोगों का मन इतने से भी नहीं भरा तो ग्रामीण पटना-औरंगाबाद मुख्य सड़क पर आगजनी कर आवागमन को बाधित कर दिया। इसबीच पूर्व मुखिया के समर्थकों ने जोरदार प्रदर्शन किया।

5 थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

इस वारदात के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया। बवाल बढ़ता देख दानापुर डीएसपी ने बिहटा, मनेर, नेउरा और आईआईटी थाने से टीम को साथ लिया और मोर्चा संभाला। तब जाकर लोगों को समझाकर जाम खत्म कराया जा सका।

लंबे समय से कई मामलों में थे फरार

संजय कुमार यादव पर आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। वे लंबे समय से कई मामलों में फरार चल रहे थे। मृतक पूर्व मुखिया संजय सिंह यादव पिछले कुछ समय से पुलिस की रडार पर थे। हाल ही में पुलिस ने उनके घर पर छापेमारी भी की थी। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी, लेकिन इस बीच शुक्रवार की सुबह उनका शव मिलने से हड़कंप मच गया।

परिजनों ने पुलिस पर लगा हत्या का आरोप

पूर्व मुखिया की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस मामले में मृतक की बहन ने स्थानीय पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का सीधा आरोप है कि इस हत्या के पीछे पुलिस का हाथ है। उन्होंने वरीय अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की माँग की है। 

Share This Article