30 जुलाई को होने वाले बांकीपुर उपचुनाव के लिए सियासी सरगर्मी अब तेज हो चुकी है। सभी प्रमुख दलों ने अपने-अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं, जो दिन-रात प्रचार प्रसार में लगे हुए हैं। जनसुराज ने बांकीपुर से प्रशांत किशोर को चुनाव लड़ाकर इसे त्रिकोणीय और दिलचस्प मुकाबला बना दिया है। अब इस हाई प्रोफाइल सीट की चर्चा देश भर में हो रही है। इस बीच जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के समर्थन में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता विजय थलपति के पटना आने की भी चर्चा है।
पीके के नामांकन में शामिल हो सकते हैं थलपति
चर्चा है कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और विजय थलपति जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के नामांकन कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। प्रशांत किशोर के लिए बांकीपुर क्षेत्र वे प्रचार कर सकते हैं। कई मीडिया रिपोर्ट्स में इसका दावा किया जा रहा है कि विजय थलपति पटना आ सकते हैं। हालांकि, जन सुराज या विजय थलपति की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
तमिलनाडु चुनाव में पीके ने की थी मदद
तमिलनाडु में विजय थलपति की सरकार बनवाने में प्रशांत किशोर की रणनीतियों की बड़ी भूमिका रही थी। प्रशांत किशोर ने तमिलनाडु चुनाव में विजय थलपति के लिए बेहतरीन रणनीति तैयार की थी, जिसके बाद वहां उनकी सरकार बनी। अब वही सुपरस्टार थलपति अपने पुराने रणनीतिकार के लिए वोट मांगते दिख सकते हैं। कहा जा रहा है कि अब विजय थलपति वही कर्ज चुकाने पटना आ सकते हैं।
शत्रुघ्न सिन्हा का भी मिल चुका है समर्थन
वैसे प्रशामत किशोर को टीएमसी सांसद और ‘बिहारी बाबू’ के नाम से प्रसिद्ध अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा का भी समर्थन मिल चुका है। शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया पर खुले तौर पर समर्थन किया है। बिहारी बाबू ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, बिहार की राजनीति में बड़ा धमाका….सबसे योग्य, दूरदर्शी, विलक्षण बुद्धिजीवी, जन-जन के नेता और हर दृष्टि से सबसे अधिक लोकप्रिय, प्रशंसित एवं चर्चित व्यक्तित्व प्रशांत किशोर ने आखिरकार चुनावी मैदान में उतरकर बिहार की राजनीति ही नहीं, बल्कि पूरे देश के राजनीतिक गलियारों और आम जनता के बीच एक नई हलचल पैदा कर दी है। शत्रुघ्न सिन्हा ने विशेषकर युवा पीढ़ी को जाति, धर्म और दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर पी का समर्थन करने की अपील की है।
13 जुलाई को प्रशांत किशोर करेंगे नामांकन
बता दें कि प्रशांत किशोर पहली बार चुनावी मैदान में उतरे हैं। बांकीपुर सीट के लिए 13 जुलाई को वो नामांकन करेंगे। फिलहाल प्रशांत किशोर जोरशोर से क्षेत्र में लगे हैं। पीके का कहना है कि उनकी लड़ाई सीधे तौर पर बीजेपी से है। सम्राट सरकार से लड़ाई है। लोगों को बीजेपी के अहंकार को तोड़ने के लिए इस बार वोट करना चाहिए।

