रांची से पटना जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22350) के यात्रियों को रविवार को भारी फजीहत झेलनी पड़ी। वंदे भारत का इंजन बीच रास्ते में ही खराब हो गया। इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण बरकाकाना जंक्शन पर करीब एक घंटे तक खड़ी रही। इस दौरान मालगाड़ी से सहारे ट्रेन को गयाजी तक लाया गया। फिर यहां से मालगाड़ी के इंजन के सहारे ही रात के 1:38 बजे पटना पहुंची।
लोको पायलट ने जैसे-तैसे बरकाकाना पहुंचाया
रांची-पटना वंदे भारत शाम करीब 4.15 बजे रांची से रवाना हुई और मेसरा स्टेशन पर इसमें खराबी आ गई। लोको पायलट ने ठीक करने का प्रयास किया। थोड़ी देर बाद ट्रेन खुली, लेकिन मेसरा में ही फिर खड़ी हो गई। एमआर प्रेशर खराब होने से ट्रेन गति नहीं पकड़ पा रही थी। लेकिन, पायलट ने किसी तरह शाम 7.05 बजे ट्रेन को बरकाकाना तक पहुंचाया।
‘वंदे भारत’ को मालगाड़ी के इंजन का सहारा
बरकाकाना में एक घंटे तक मरम्मत का प्रयास किया गया। इसके बाद पायलट ने हाथ खड़े कर दिए और सहायक इंजन की मांग की। फिर मालगाड़ी का इंजन जोड़कर ट्रेन को रवाना किया गया। ट्रेन को रात 8:17 बजे बरकाकाना जंक्शन से पटना के लिए रवाना किया गया। यह ढाई घंटे विलंब से गया पहुंची। इसके बाद पटना के लिए चली।
यात्रियों ने रेल मंत्रालय से ‘एक्स’ पर की शिकायत
ट्रेन में कुछ यात्रियों ने रेल मंत्रालय को एक्स पर पोस्ट कर भी इसको लेकर शिकायत की। इधर, मामले में धनबाद डीआरएम, सीनियर डीसीएम के अलावा रांची डीआरएम को मैसेज और कॉल करने के बाद भी कोई जवाब नहीं दिया गया। रांची डीसीएम श्रेया सिंह ने पूछने पर कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है।

