बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन की आखिरी दिन, बीजेपी के नीरज सिन्हा और प्रशांत किशोर भरेंगे पर्चा

Neelam
By Neelam
4 Min Read

बिहार के बांकीपुर विधानसभा उप चुनाव के लिए आगामी 30 जुलाई को वोटिंग होनी है। इस सीट पर उपचुनाव के लिए नामांकन का आज आखिरी दिन है। अंतिम दिन भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

नामांकन से पहले पीके करेंगे जनसभा और रोड शो

तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रशांत किशोर के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करने के लिए 10:00 बजे पटना संग्रहालय के पास स्काउट एवं गाइड मैदान से निकलेंगे। वे यहां जनसभा भी करें। पटना म्यूजियम के पास उनकी सभा के समाप्त होने के बाद दोपहर करीब 12:00 बजे स्काउट एवं गाइड मैदान से एक भव्य नामांकन यात्रा (रोड शो) शुरू होगी। यह यात्रा बुद्ध मार्ग और पटना की मुख्य सड़कों से होते हुए पटना कलेक्ट्रेट यानी पटना समाहरणालय परिसर की तरफ बढ़ेगी, जहां दोपहर 1:30 बजे के आसपास प्रशांत किशोर निर्वाचन अधिकारी के समक्ष बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आधिकारिक तौर पर अपना नामांकन पत्र दाखिल करें।

पहली बार चुनावी मैदान में उतर रहे पीके

बीजेपी का गढ़ रही इस सीट पर हो रहे उप चुनाव में प्रशांत किशोर की एंट्री ने चुनाव को दिलचस्प बना दिया है। खास बात ये है कि जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर इस सीट से अपनी चुनावी राजनीति की शुरुआत कर रहे हैं। प्रशांत किशोर इस उपचुनाव के जरिए पहली बार चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। हालांकि, बीते विधानसभा चुनाव में जनसुराज पार्टी ने 238 सीटों पर चुनाव लड़ा था। लेकिन, प्रशांत किशोर ने साल 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में खुद कोई सीट नहीं लड़ी थी। इस चुनाव में जनसुराज को 3.4 फ़ीसदी वोट मिले थे।

भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा भी करेंगे नामांकन

वहीं, भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा भी आज पर्चा दाखिल करेंगे। नामांकन से पहले रविवार को नीरज सिन्हा ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. सीपी ठाकुर, पटना साहिब सांसद रविशंकर प्रसाद और पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल से मुलाकात कर जीत का आशीर्वाद लिया। बता दें कि भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार सिन्हा ”बंटी” को उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने नौ जुलाई को नामांकन भी किया, लेकिन अगले दिन पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपनी उम्मीदवारी वापस लेने का पत्र प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को सौंप दिया। इसके बाद भाजपा ने नीरज सिन्हा को उम्मीदवार घोषित किया।

साल 1995 से इस सीट पर बीजेपी का कब्जा

पटना ज़िले की 14 विधानसभा सीटों में से एक, बांकीपुर महत्वपूर्ण विधानसभा सीट है। पटना के कदमकुआं, राजेन्द्र नगर, गर्दनीबाग़, सचिवालय, बोरिंग रोड, मीठापुर, गांधी मैदान सहित कई महत्वपूर्ण मोहल्ले इस विधानसभा क्षेत्र में आते हैं।  कायस्थ बहुल मानी जाने वाली इस सीट में कुल मतदाता 3,79,402 हैं। साल 1995 से इस सीट पर बीजेपी जीतती रही है। उस वक़्त ये सीट पटना पश्चिम कहलाती थी। साल 2008 में परिसीमन के बाद ये सीट बांकीपुर कही जाने लगी। 1995 में यहां से नितिन नबीन के पिता नवीन किशोर सिन्हा ने जीत हासिल की थी। साल 2005 के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद नवीन किशोर सिन्हा का निधन हो गया था। जिसके बाद नितिन नवीन ने अपनी राजनीतिक पारी बांकीपुर से शुरू की। साल 2006 से 2025 तक नितिन नवीन ही इस सीट से जीतते रहे।

Share This Article