JPSC 14वीं परीक्षा फिर विवादों में : रिजल्ट रद्द करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने किया आयोग कार्यालय का घेराव

KK Sagar
2 Min Read

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा एक बार फिर विवादों में घिर गई है। परीक्षा परिणाम में कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर मंगलवार को सैकड़ों अभ्यर्थियों ने रांची स्थित JPSC कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और आयोग परिसर का घेराव कर दिया।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने परीक्षा परिणाम को तत्काल रद्द करने और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की। उनका आरोप है कि परीक्षा प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं, जिससे मेधावी अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ अन्याय हुआ है।

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

इस बीच राज्यसभा सांसद महुआ मांझी ने भी प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि “हम छात्रों के साथ खड़े हैं” और उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।

गौरतलब है कि JPSC परीक्षाएं पहले भी कई बार विवादों और अनियमितताओं के आरोपों को लेकर चर्चा में रही हैं। अब सभी की नजर आयोग और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है कि इस पूरे मामले में क्या निर्णय लिया जाता है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....