JFWC परीक्षा के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा: 5 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, रांची से पटना समेत कई रूटों पर मिलेगी सुविधा

KK Sagar
3 Min Read
Railway - धनबाद

रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा (JFWCE-2024) को लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल ने परीक्षार्थियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। 19 जुलाई 2026 को होने वाली परीक्षा के मद्देनज़र अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए रेलवे 18 से 20 जुलाई तक 5 जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों के परिचालन से नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होगा और झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ बिहार से आने-जाने वाले परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। सभी ट्रेनों में अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त कोच भी लगाए गए हैं।

रांची-दुमका के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन

रेलवे की ओर से 08619/08620 रांची-दुमका-रांची अनारक्षित परीक्षा स्पेशल का संचालन 19 और 20 जुलाई को किया जाएगा। यह ट्रेन मुरी, झालदा, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, जसीडीह और देवघर होते हुए दुमका पहुंचेगी। इसमें कुल 10 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 8 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआर कोच शामिल हैं।

टाटानगर-हजारीबाग रोड मेमू स्पेशल

08103/08104 टाटानगर-हजारीबाग रोड-टाटानगर अनारक्षित मेमू परीक्षा स्पेशल भी 19 और 20 जुलाई को चलेगी। यह ट्रेन आदित्यपुर, चांडिल, मुरी, बोकारो स्टील सिटी और गोमो होते हुए हजारीबाग रोड तक जाएगी। इस ट्रेन में 8 मेमू कोच लगाए गए हैं।

रांची-पटना परीक्षा स्पेशल से लंबी दूरी के अभ्यर्थियों को राहत

परीक्षार्थियों के लिए सबसे अहम 08624/08623 रांची-पटना-रांची परीक्षा स्पेशल होगी। यह ट्रेन 19 जुलाई को रांची से रवाना होकर मुरी, बोकारो स्टील सिटी, गोमो, हजारीबाग रोड, कोडरमा और गया होते हुए पटना पहुंचेगी। वापसी में 20 जुलाई को पटना से रांची आएगी। इस ट्रेन में 18 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 14 स्लीपर, 2 सामान्य और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं।

गढ़वा रोड रूट पर भी दो जोड़ी मेमू स्पेशल

रेलवे ने रांची-गढ़वा रोड-रांची मार्ग पर भी दो जोड़ी अनारक्षित मेमू परीक्षा स्पेशल ट्रेनों (08604/08603 एवं 08602/08601) के संचालन का फैसला लिया है। ये ट्रेनें पिस्का, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह और डालटनगंज होते हुए गढ़वा रोड तक जाएंगी। दोनों जोड़ी ट्रेनों में 12-12 मेमू कोच लगाए गए हैं।

रेलवे ने सभी परीक्षार्थियों से समय से पहले स्टेशन पहुंचने, वैध टिकट के साथ यात्रा करने और यात्रा के दौरान रेलवे के नियमों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि इन विशेष ट्रेनों का उद्देश्य अभ्यर्थियों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....