रामगढ़: रामगढ़ प्रखंड कार्यालय के सभागार में सोमवार को प्रखंड स्तरीय बैंकर्स समिति (BLBC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी रमेश रविदास ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों ने भाग लेकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की।
बैठक में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक देवनारायण उरांव, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, आरसेटी के निदेशक जशन कुजूर, रोहिणी एस्टाला कीरो, पम्मी कुमारी, आरबीआई सीएफएल तथा बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक निरंजन किसपोटा सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मानसून सत्र को देखते हुए अधिक से अधिक किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि किसानों को समय पर कृषि ऋण उपलब्ध कराने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और जिले का क्रेडिट-डिपॉजिट (सीडी) रेशियो भी बेहतर होगा।
जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक देवनारायण उरांव ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सभी बैंकों और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने बैंक अधिकारियों से अधिक से अधिक किसानों को केसीसी से जोड़ने तथा योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
बैठक में बैंकिंग सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर भी बल दिया गया।
।।

