नीट पेपर लीक को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन जारी है। सीजेपी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर अपनी मांग पर डटी हुई है। जिसको लेकर सीजेपी और केंद्र सरकार के बीच बातचीत चल रही है। सीजेपी और सरकार के बीच आज दोपहर 3:30 बजे तीसरी बैठक हो सकती है। इसमें सरकार धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अपना रुख बताएगी।
सीजेपी बोली- प्रधान इस्तीफा नहीं देते तो बैठक का मतलब नहीं
सरकार के साथ बैठक के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, ‘कल की बैठक में कम्पेनसेशन और लीगल मामलों को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। एक इन-प्रिंसिपल एग्रीमेंट हुआ था। हमें उम्मीद है कि आज वह रिटर्न एग्रीमेंट भी मिल जाएगा लेकिन जो मुख्य मांग है- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर अभी तक कोई ठोस फैसला नहीं आया है। अगर प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं, तो हमें बता दें, फिर इस तरह की मीटिंग का कोई मतलब नहीं है। हम अपनी आगे की रणनीति पर काम करेंगे।
सीजेपी ने रखी अपनी 3 डिमांड
केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह समेत केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों से मिलने के बाद शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी ने दावा किया कि सरकार ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उनकी मांग पर विचार करने के लिए शनिवार दोपहर तक का समय मांगा है। बैठक के बाद सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने यह भी दावा किया कि सरकार उनकी अन्य दो मांगों को लेकर सकारात्मक दिखी। इन मांगों में NEET पेपर लीक मामले में आत्महत्या करने वालों के परिवारों को मुआवजा देना और विरोध कर रहे छात्रों के खिलाफ FIR दर्ज न करना शामिल था।
जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई
इधर, बैठक से पहले आज वीकेंड को देखते हुए दिल्ली पुलिस पूरी तरह तैयार है। पुलिस ने जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। ये जंतर मंतर की सबसे लेटेस्ट तस्वीर है। देर रात ही जंतर मंतर पर कई अतिरिक्त बैरिकेड्स मंगाए गए थे, जिन्हें बाद में वेल्डिंग कर जोड़ दिया गया। इसके अलावा बैरिकेड को लोहे की चेन बांध दिया गया है, ताकि प्रदर्शनकारी इन्हें हटा या गिरा ना सकें। जंतर-मंतर के आसपास वज्र वैन और दंगा-रोधी गाड़ियां पहले से तैनात हैं।
दिल्ली पुलिस की सभी नियमित छुट्टियां रद्द
वहीं, दिल्ली में कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने अपने सभी कर्मियों की नियमित छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश सभी जिला पुलिस उपायुक्तों (डीसीपी), विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ), इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया गया है। आदेश के अनुसार अगले निर्देश तक आकस्मिक अवकाश, अर्जित अवकाश सहित कोई भी नियमित छुट्टी स्वीकृत नहीं की जाएगी। केवल वास्तविक आपात स्थिति में सक्षम प्राधिकारी द्वारा सत्यापन और अनुमोदन के बाद ही छुट्टी दी जाएगी। साथ ही, पुलिस आयुक्त की पूर्व अनुमति के बिना कोई भी पुलिसकर्मी किसी प्रशिक्षण कार्यक्रम या पाठ्यक्रम में भाग नहीं ले सकेगा।

