पटना के बांकीपुर सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव होने हैं। उससे पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को बड़ा झटका लगा है। आरजेडी से इस्तीफा देने के बाद पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद अर्जुन राय भाजपा में शामिल हो गए। पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
अर्जुन राय समेत कई प्रमुख नेता बीजेपी में
बांकीपुर विधानसभा के लिए हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान में अब केवल तीन दिन का वक्त बचा है। इसके पहले राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को एक और बड़ा झटका लगा है। रविवार को आरजेडी के दिग्गज नेता पूर्व सांसद अर्जुन राय ने पार्टी छोड़ दी और सोमवार को पटना स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली।
बीजेपी सरकार की तारीफ
बीजेपी में शामिल होने के बाद अर्जुन राय ने कहा कि बिहार के विकास के लिए डबल इंजन का सरकार जरूरी है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में चल रहे विकास के कामों से प्रभावित होकर उन्होंने बीजेपी में शामिल होने का फैसला किया। अर्जुन राय ने कहा कि सांसद रहते हुए उन्होंने सीतामढ़ी के विकास का जो सपना देखा था, वह अब तक पूरा नहीं हो सका। उनका मानना है कि केंद्र और बिहार में एनडीए की डबल इंजन सरकार के साथ मिलकर ही क्षेत्र के अधूरे विकास कार्यों को गति दी जा सकती है।
तेजस्वी यादव पर लगाए गंभीर आरोप
इस दौरान अर्जुन राय ने तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाए। अर्जुन राय ने कहा कि आरजेडी अब लालू यादव वाली पार्टी नहीं रही। पार्टी अब अपनी मूल विचारधारा और नीतियों से भटक गई है। इसी वजह से उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया है।
ये प्रमुख नाम भी बीजेपी में शामिल
वहीं, इस दौरान बांकीपुर उपचुनाव में उम्मीदवार रहे सिकंदर कुशवाहा ने भी नामांकन वापस लेने के बाद बीजेपी का दामन थाम लिया। इसे बांकीपुर सीट पर बीजेपी की चुनावी रणनीति को मजबूती देने वाला कदम माना जा रहा है। वहीं बिहार के जाने-माने अधिवक्ता वाईवी गिरी के पुत्र और जन सुराज से जुड़े नेता आशीष गिरी भी बीजेपी में शामिल हो गए। आशीष गिरी का बीजेपी में शामिल होना जन सुराज के लिए राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

