‘जनादेश स्वीकार, मंथन करेंगे…’, बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी की हार पर बोले नितिन नवीन

Neelam
By Neelam
3 Min Read

पटना के बांकीपुर सीट पर भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। करीब 30 सालों तक बीजेपी का अभेद किला ढहा दिया गया है। इस सीट पर जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शानदार जीत दर्ज की है। बांकीपुर के नतीजे पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का बयान सामने आया है। नितिन नवीन ने जनादेश स्वीकार किया है साथ ही कहा है कि हार पर मंथन करेंगे।

उपचुनाव के नतीजों पर नितिन नवीन का पोस्ट

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने तीन राज्यों में हुए उपचुनाव और उसके नतीजों पर प्रतिक्रिया दी है। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा- आज तीन विधानसभा उपचुनावों में आए जनादेश को हम स्वीकार करते हैं। गुजरात की मांजलपुर विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी पर अपना विश्वास व्यक्त करने के लिए वहां की जनता का हृदय से आभार। इस विजय के लिए भाजपा के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई।

बांकीपुर और दतिया पर करेंगे आत्ममंथन-नितिन नवीन

बांकीपुर और दतिया में हमें अपेक्षित जनादेश प्राप्त नहीं हुआ। हम इन दोनों क्षेत्रों के चुनाव परिणामों का पूरी गंभीरता से आत्ममंथन करेंगे तथा नई ऊर्जा और संकल्प के साथ जनता के बीच जाकर उनके विश्वास को और अधिक मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

सम्राट चौधरी ने प्रशांत किशोर को दी बधाई

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिखा, लोकतंत्र के महापर्व में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनता ने जनसुराज को चुना है। मैं जनता के इस निर्णय का सम्मान करते हुए प्रशांत किशोर को उनकी जीत पर हार्दिक बधाई देता हूं।

चुनाव आयोग या ईवीएम को दोष नहीं देंगे-विजय कुमार सिन्हा

उधर, बांकीपुर चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार के मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक जनादेश का सम्मान करती है और जनता के फैसले को स्वीकार करेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव हारने पर भाजपा चुनाव आयोग या इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को दोष नहीं देती है। पार्टी को लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं पर पूरा भरोसा है और मतदाता जो भी फैसला सुनाएंगे, पार्टी उसे स्वीकार करेगी।

बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनावों के क्या रहे नतीजे?

बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर को जीत मिली। उन्हें 64,151 वोट मिले। वहीं दूसरे नंबर पर बीजेपी के नीरज कुमार रहे। उन्हें 44827 वोट मिले। यानी जनसुराज के प्रशांत किशोर ने बीजेपी के नीरज कुमार को 19324 वोटों से हराया। ये चुनाव काफी दिलचस्प रहा क्योंकि जन सुराज पार्टी का अब विधानसभा में एक विधायक होगा। बीते विधानसभा चुनावों में पहली बार मैदान में उतरी जनसुराज पार्टी को उस वक्त एक भी सीट नसीब नहीं हुई थी। ऐसे में ये जीत जन सुराज के लिए काफी अहमियत रखती है।

Share This Article