​सावधान! जमशेदपुर में बढ़ रहे मलेरिया के मरीज, जानिए MGM अस्पताल का हाल

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया का प्रकोप तेजी से पांव पसार रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए गए जांच अभियान के दौरान जिले में 33 नए मलेरिया मरीजों की पुष्टि हुई है। इस आंकड़े के सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है।

5,817 लोगों की जांच में मिले 33 मरीज
​स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार जिले भर में कुल 5,817 लोगों के मलेरिया की जांच की गई थी। जांच रिपोर्ट में 33 लोग पॉजिटिव पाए गए। इनमें से 19 मरीज PF (ब्रेन मलेरिया) से पीड़ित पाए गए हैं, जो काफी खतरनाक माना जाता है। 12 मरीज PV (सामान्य मलेरिया) से पीड़ित हैं। 2 मरीज मिक्स मलेरिया की चपेट में हैं।

MGM अस्पताल में 8 मासूमों का चल रहा इलाज, 2 ICU में भर्ती
​मलेरिया का सबसे ज्यादा असर बच्चों पर भी देखा जा रहा है। एमजीएम (MGM) अस्पताल के शिशु रोग विभाग में मलेरिया से पीड़ित 8 बच्चों को भर्ती कराया गया है। इनमें से 6 बच्चों का इलाज जनरल वार्ड में चल रहा है। ​2 बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें चिकित्सकों की देखरेख में ICU में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

CRPF के 4 जवान भी बुखार की चपेट में
​मलेरिया के बढ़ते प्रभाव का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सुरक्षा बल भी इससे अछूते नहीं हैं। मुसाबनी स्थित सीआरपीएफ कैंप से 4 जवानों को बुखार की शिकायत के बाद एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार को लाए गए एक जवान में जांच के बाद मलेरिया की पुष्टि हो चुकी है, जबकि अन्य तीन जवानों की मलेरिया जांच रिपोर्ट प्रक्रियाधीन है।

सिविल सर्जन की अपील: लक्षण दिखते ही तुरंत कराएं जांच
​मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने कहा कि जिले में लगातार जांच और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिससे संक्रमितों की समय पर पहचान हो पा रही है।

सिविल सर्जन का संदेश
समय पर जांच और सही इलाज से मलेरिया को आसानी से हराया जा सकता है। अगर किसी को भी बुखार की शिकायत हो, तो इसे हल्के में न लें और लापरवाही बिल्कुल न बरतें। तुरंत अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर मलेरिया की जांच कराएं।

Share This Article