RPF ने 4 किलो जला हुआ कॉपर केबल, सिग्नल केबल और चोरी में इस्तेमाल औजार बरामद किए
धनबाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने रेलवे यार्ड से अंडर गियर कॉपर केबल चोरी मामले का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों और एक रिसीवर (कबाड़ी) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को धनबाद रेलवे यार्ड में संयुक्त निरीक्षण के दौरान लाइन संख्या-4 पर खड़ी एक कोच से करीब 80 मीटर अंडर गियर कॉपर केबल गायब मिला था। इसकी अनुमानित कीमत 14,500 रुपये आंकी गई। मामले में RPF पोस्ट धनबाद में अज्ञात के खिलाफ रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर सूरज कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपने साथी दीपक किस्कू के साथ मिलकर रेलवे यार्ड से कॉपर केबल चोरी करने की बात स्वीकार की। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी का केबल गोमो के एक कबाड़ी सिकंदर उर्फ दीपू को बेच दिया गया था।
RPF टीम ने तीनों की निशानदेही पर करीब 4 किलोग्राम जला हुआ कॉपर केबल, 4 मीटर सिग्नल केबल, एक पिलाश, रिंच, चाकू और हैक्सा ब्लेड पत्ती बरामद की। आरोपियों ने स्वीकार किया कि सिग्नल केबल भी रेलवे क्षेत्र से चोरी किया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कुमार (धनसार), दीपक किस्कू (राजगंज) तथा सिकंदर उर्फ दीपू (गोमो) के रूप में हुई है। इनमें सिकंदर चोरी के माल को खरीदने का काम करता था।
RPF के अनुसार, सूरज कुमार और सिकंदर उर्फ दीपू के खिलाफ पहले भी रेलवे संपत्ति चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

