20 KM तक तैरता रहा लाश का दर्द! 4 दिन बाद सोनारी दोमुहानी पर खत्म हुई एनआईटी के होनहार छात्र की तलाश

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी जमशेदपुर के बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र मीर तनवीर हसन का शव आज गुरुवार सुबह सोनारी स्थित दोमुहानी क्षेत्र से बरामद कर लिया गया है। तनवीर चार दिन पहले खरकई नदी के आसंगी चेकडैम में नहाने के दौरान डूब गया था। घटनास्थल से करीब 20 किलोमीटर दूर एनडीआरएफ की टीम ने आज उसका शव खोज निकाला। शव मिलते ही पिछले चार दिनों से उम्मीद लगाए बैठे परिजनों और एनआईटी के छात्रों का इंतजार दुखद अंत के साथ खत्म हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

तेज बहाव में बह गया था छात्र

पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले का रहने वाला तनवीर हसन रविवार को अपने दोस्तों के साथ आसंगी स्थित खरकई नदी के चेकडैम पर गया था। नहाने के दौरान गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आने से वह डूब गया। घटना के बाद से ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन, गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।

सुबह प्लेसमेंट की बात कर रहा था, शाम को खबर आई

बेटे का शव देखते ही पिता मीर मोहसिन अली रो पड़े। उन्होंने नम आंखों से कहा, मेरा इकलौता चिराग बुझ गया। तनवीर बचपन से ही होनहार था और उसका सपना इंजीनियर बनने का था। हमने अपनी क्षमता से बाहर जाकर कर्ज लेकर उसे एनआईटी में दाखिला दिलाया था। पिता ने बताया कि हादसे वाले दिन सुबह ही तनवीर ने फोन किया था। वह अपने प्लेसमेंट को लेकर बहुत खुश था और आगे के सपनों के बारे में बात कर रहा था, लेकिन शाम होते-होते उसके डूबने की खबर ने परिवार को तोड़कर रख दिया।

कैंपस में शोक की लहर

एनआईटी जमशेदपुर में जैसे ही तनवीर की मौत की पुष्टि हुई, पूरे कैंपस में मातम छा गया। सहपाठियों और शिक्षकों ने तनवीर को एक मेधावी, हंसमुख और मिलनसार छात्र बताते हुए भावभिनी श्रद्धांजलि दी।

Share This Article