बिहार में जॉलीवुड म्यूजिक कंपनी पर ईडी का शिकंजा, करोड़ों के फर्जीवाड़े का है मामला

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में कथित 15 करोड़ रुपये से अधिक के वित्तीय घोटाले से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ा एक्शन लिया है। मुंगेर के जमालपुर में जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े कथित करोड़ों रुपये की ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीम ने जमालपुर थाना क्षेत्र के नया टोला फूलका स्थित जॉलीवुड म्यूजिक कंपनी के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव के आवास पर गुरुवार की सुबह छापेमारी की।

जॉलीवुड म्यूजिक निदेशक के घर पर छापा मारा

आधा दर्जन से अधिक अधिकारियों की टीम तड़के ही मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों के जागने से पहले ही कार्रवाई शुरू कर दी। टीम जितेंद्र कुमार राजीव के परिजनों के घरों में भी तलाशी ली और उनसे पूछताछ की है। बताया जा रहा है कि इस मामले में प्राथमिक आरोपी जय धन तांती और प्रिया राजीव रंजन से भी पूछताछ की जा रही है।

पैसे दोगुना करने का लालच देकर निवेश कराया

ईडी की टीम दस्तावेजों, बैंक लेनदेन और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की गहन जांच में जुटी हुई है। बताया जाता है कि जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड पर चिटफंड की तर्ज पर लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये निवेश कराया। आरोप है कि जॉलीवुड म्यूजिक कंपनी ने लोगों को कम समय में दोगुना पैसा और रातों-रात अमीर बनने का लालच देकर निवेश कराया। और बाद में रकम लेकर फरार होने का आरोप है।

करोड़ों रुपये जुटाकर हुआ फरार

18 नवंबर 2024 को कंपनी के कार्यालय पर ताला लगाकर संचालकों के फरार होने के बाद बड़ी संख्या में निवेशकों ने जमालपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में कांड संख्या 224/24 दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि कंपनी ने लोगों से करीब 15 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई और कार्यालय बंद कर फरार हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन कंपनी के निदेशक और अन्य आरोपी फरार हो गए थे।

पहले भी दर्ज हो चुकी हैं एफआईआर

करीब दो वर्ष पहले 50 से अधिक पीड़ितों ने कंपनी के खिलाफ विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद पीड़ितों ने धन वापसी के लिए पुलिस, न्यायालय और प्रशासन का दरवाजा खटखटाया। कंपनी के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव ने 27 नवंबर 2024 को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में हैं और मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

सरेंडर के बाद जेल में है बंद

बाद में पुलिस के दबाव के बीच कंपनी के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव ने मुंगेर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था और तब से न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं। अब ईडी धन शोधन और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के पहलुओं की जांच कर रही है।

Share This Article