डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : औद्योगिक नगरी आदित्यपुर के इमली चौक पर एक संदिग्ध घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। चौराहे पर दुकान लगाने वाले एक फल विक्रेता पर ठेले पर ही गोमांस का सेवन करने का आरोप लगा है। मामला सामने आते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
विरोध देख गाड़ी छोड़ भागा आरोपी
घटना की भनक मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और इसका विरोध शुरू कर दिया। स्थानीय निवासियों और कार्यकर्ताओं के बढ़ते गुस्से को देखकर फल विक्रेता अपनी दुकान और ठेला छोड़कर वहां से चंपत हो गया।

थाने पहुंचा हिंदू संगठनों का प्रतिनिधिमंडल
घटना से आक्रोशित विहिप और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल तुरंत आदित्यपुर थाना पहुंचा। कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी अंजनी कुमार को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया और आरोपी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने और माहौल बिगाड़ने की धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की।
थाने में मांग करने वालों में विहिप जिलाध्यक्ष डॉ. जे.एन. दास, नगर अध्यक्ष रोशन खा, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी गुरजीत सिंह, मंडल अध्यक्ष गणेश कालिंदी, शानू सिंह, धनंजय स्वर्णकार, सावन गुप्ता, मनोज पासवान, मनीष प्रसाद और रोशन प्रसाद समेत कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पुलिस ने जब्त किया ठेला, तलाश जारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आदित्यपुर पुलिस तुरंत हरकत में आई। थाना प्रभारी अंजनी कुमार पुलिस बल के साथ इमली चौक पहुंचे और आरोपी के ठेले को जब्त कर थाने ले आए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध पदार्थ की जांच कराई जा रही है और फरार विक्रेता की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।


