डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट के 7,321 कर्मचारियों के वेतन में नए लेबर कोड के तहत महत्वपूर्ण बदलाव लागू किए जा रहे हैं। नए प्रावधानों के तहत अब कर्मचारियों को लीव ट्रैवल अलाउंस की एकमुश्त राशि के बजाय, यह राशि हर महीने के वेतन में ही जुड़कर मिलेगी। साथ ही सैलरी स्लिप को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए भत्तों के कॉलम घटा दिए गए हैं।
प्रमुख बदलाव और उनके प्रभाव
पुरानी व्यवस्था: अब तक कर्मचारियों को मई के वेतन (अप्रैल माह के वेतन) में औसतन ₹35,000 से ₹36,000 की राशि एकमुश्त एडवांस के रूप में मिलती थी।
नई व्यवस्था: 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होने वाले नियमों के तहत, यह पूरी राशि 12 समान किस्तों में विभाजित होकर हर महीने की सैलरी स्लिप में जुड़कर आएगी। पहली किस्त 1 अप्रैल 2027 को मिलने वाले वेतन में शामिल होगी।
सैलरी स्लिप होगी छोटी और पारदर्शी
लेबर कोड के नए मानकों को पूरा करने के लिए सैलरी स्लिप में कई एलाउंस का आपस में विलय किया जा रहा है। पहले जहां सैलरी स्लिप में लगभग 13 अलग-अलग कॉलम होते थे, उन्हें अब समेटकर 9 कॉलम कर दिया गया है।
किन भत्तों का किसमें हुआ विलय?
एचआरए में एलटीए का विलय: LTA और पर्स्यू यू को अब एचआरए के दायरे में शामिल किया गया है।
यूनिफॉर्म मेंटेनेंस अलाउंस: चिल्ड्रेन एजुकेशन अलाउंस और चिल्ड्रेन हॉस्टल अलाउंस को मिलाकर अब इसे यूनिफॉर्म मेंटेनेंस अलाउंस नाम दिया गया है।
कनवेयंस अलाउंस: सर्विस अलाउंस और स्पेशल अलाउंस को मिलाकर कनवेयंस अलाउंस में मर्ज कर दिया गया है।
बेसिक व डीए का दायरा: कुल वेतन में बेसिक वेतन और महंगाई भत्ते का हिस्सा 50% से अधिक होना अनिवार्य किया गया है।
वेतन संशोधन में अन्य बदलाव
ऑफिसर्स ग्रेड में HPV (वेरिएबल पे): 1 अप्रैल 2026 से लागू नियमों के अनुसार, एचपीवी की न्यूनतम सीमा समाप्त कर दी गई है। इसकी सीमा जो पहले ₹6,100 से ₹15,500 थी, वह अब न्यूनतम शून्य से शुरू होगी।
क्वालिटी लिंक्ड सैलरी (QLS): पहले QLS की सीमा ₹300 से ₹1,550 थी। नए बदलाव में इसकी न्यूनतम सीमा भी अब शून्य होगी।
यूनियन और प्रबंधन की बैठक में दी गई जानकारी
टाटा मोटर्स प्लांट परिसर स्थित गुरुकुल सभागार में आयोजित बैठक के दौरान प्रबंधन ने टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के कमेटी मेंबरों और ऑफिस बियररों को नए लेबर कोड के तहत सैलरी स्ट्रक्चर में हुए बदलावों से अवगत कराया। बैठक में प्रबंधन की ओर से एचआर हेड प्रणब कुमार, इशार हेड सौमिक रॉय, हरेंद्र विकास कुमार मौजूद रहे, जबकि यूनियन की ओर से अध्यक्ष और महामंत्री सहित सभी कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे। प्रबंधन ने आश्वस्त किया है कि इस बदलाव से कर्मचारियों के वेतन पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा।

