शत्रुघ्न सिन्हा ने पीके की जीत को बताया ‘उम्मीद की किरण’, बोले-लोगों को प्रशांत किशोर से बड़ी उम्मीदें

Neelam
By Neelam
3 Min Read

प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने बांकीपु उपचुनाव में पहली बड़ी चुनावी सफलता हासिल की है। पीके ने बीजेपी के मजबूत गढ़ माने जाने वाले इलाके में बीजेपी उम्मीदवार को ही हरा दिया। उन्होंने नीरज कुमार सिन्हा को 19 हजार से ज्यादा वोटों से करारी शिकस्त दी। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर की जीत से खासे उत्साहित हैं। उन्होंने प्रशांत किशोर की जीत को बिहार की राजनीति में ‘अंधेरे के बीच उम्मीद की किरण’ बताया है।

बिहार के लिए एक क्रांतिकारी बदलाव- शत्रुघ्न सिन्हा

पटना में शत्रुघ्न सिन्हा ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा कि प्रशांत किशोर का सक्रिय राजनीति में आना बिहार के लिए एक क्रांतिकारी बदलाव है। जिस तरह की उम्मीद उनसे थी, उन्होंने वैसा ही प्रदर्शन किया है।टीएमसी सांसद ने कहा कि उन्होंने प्रशांत किशोर का लगातार समर्थन किया है, क्योंकि उनका मानना है कि अगर अच्छे लोग राजनीति में आने से हिचकेंगे तो उन्हें बुरे लोगों के शासन के लिए तैयार रहना होगा।

न्यूटन के तीसरे गति नियम की तरह जोरदार पलटवार किया- शत्रुघ्न सिन्हा

शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि पिछली बार यह संदेश देने की कोशिश की गई थी कि प्रशांत किशोर हार गए हैं, लेकिन इस बार उन्होंने न्यूटन के तीसरे गति नियम की तरह जोरदार पलटवार किया। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि पीके की बातों में सत्य और तथ्य दोनों हैं। उन्होंने कहा, नेता हो तो ऐसा और जीत हो तो ऐसी। बिहारी बाबू ने कहा कि जो लोग अच्छी नीयत और सकारात्मक सोच के साथ राजनीति में आना चाहते हैं, उनके लिए प्रशांत किशोर की जीत एक प्रेरणा है।

प्रशांत किशोर की जीत साधारण नहीं- शत्रुघ्न सिन्हा

भाजपा पर निशाना साधते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा के नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी थी। वे गली-गली जाकर प्रचार कर रहे थे और विरोधियों के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहे थे। तमाम राजनीतिक, आर्थिक और बाहुबल के बावजूद प्रशांत किशोर ने जीत हासिल की। प्रशांत किशोर की जीत साधारण नहीं, बल्कि बेहद महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि है।

Share This Article