डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : परसुडीह स्थित लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज परिसर शनिवार को सुरक्षा व्यवस्था में भारी खामियों के कारण एक बड़े हादसे का गवाह बनते-बनते बचा। बारिश के बाद हुए जलजमाव और खुले तारों के कारण परीक्षा देने आई एक छात्रा बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। इस घटना के बाद से ही परिसर में छात्रों और छात्र नेताओं के बीच जबरदस्त आक्रोश है।
बंद गेट के कारण दूसरे रास्ते से जा रही थी छात्रा
सुंदरनगर के नानदूप की रहने वाली छात्रा रायगुनी बोयपाई शनिवार को कॉलेज में मेजर पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा देने पहुंची थी। बारिश के कारण पूरे परिसर में पानी भरा हुआ था। परीक्षा केंद्र का मुख्य गेट बंद होने की वजह से रायगुनी को वैकल्पिक मार्ग से जाना पड़ा। इसी दौरान जलजमाव वाले रास्ते से गुजरते वक्त वह अचानक पानी में फैले करंट की चपेट में आ गई और बेहोश होकर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद अन्य विद्यार्थियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत संभाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
लापरवाही पर फूटा छात्रों का गुस्सा, पहले भी हो चुके हैं हादसे
घायल छात्रा के अनुसार परिसर में पहले भी बिजली का झटका लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन उस विशेष स्थान पर पानी में करंट प्रवाहित हो रहा होगा, इसका अंदाजा उसे नहीं था। इस हादसे ने कॉलेज प्रशासन के सुरक्षा और रखरखाव के दावों की कलई खोलकर रख दी है। छात्रों का आरोप है कि बारिश में कॉलेज परिसर में जलजमाव होना आम बात है, लेकिन बार-बार चेताने के बाद भी प्रबंधन ने न तो जल निकासी की कोई व्यवस्था की और न ही जर्जर-खुले तारों की मरम्मत कराई।
छात्र नेताओं ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के विरोध में उतरे छात्र नेताओं ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने मांग रखी है कि पूरे कॉलेज परिसर की बिजली व्यवस्था की तत्काल उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। खुले और क्षतिग्रस्त तारों को दुरुस्त किया जाए। परिसर में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए। छात्रों का साफ कहना है कि परीक्षा देने आने वाले छात्र-छात्राओं की जान की सुरक्षा की जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की है, और इस तरह की आपराधिक लापरवाही भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी की वजह बन सकती है।

ADVERTISEMENT

