खुद को बताता था अजीत डोभाल का एजेंट, बिहार में गिरफ्तार हुआ फर्जी IAS, ड्राइवरलेस टेस्ला कार जब्त

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के खगड़िया से हैरान करने वाला सामने आया है। जहां खुद को IAS अफसर बताने वाले शख्स को पुलिस ने धर दबोचा है। पूछताछ के दौरान उसने खुद को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का ‘अंडर कवर एजेंट’ बताया। पुलिस को उसके पास से IAS अधिकारी का आई-कार्ड भी बरामद हुआ है। छापेमारी में टीम ने भारत सरकार लिखे दो लग्जरी वाहनों सहित लाखों के सामान को जब्त किया है।

खुद को आईएएस अधिकारी बताने वाले गिरफ्तार

बिहार के खगड़िया जिले में पुलिस ने खुद को आईएएस अधिकारी बताकर लोगों से कथित तौर पर ठगी करने और सरकारी अधिकारी के तौर रौब दिखाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर बाजार निवासी मनीष कुमार उर्फ मनीष कुमार गुप्ता के रूप में हुई है।

धौंस दिखाकर ठगी का आरोप

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी निजी गाड़ियों पर ‘भारत सरकार’ और आईएएस से जुड़े बोर्ड लगाकर लोगों के बीच दबदबा कायम करता था। खगड़िया के पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने रविवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मनीष गुप्ता लंबे समय से खुद को आईएएस अधिकारी बताकर गोगरी थाना क्षेत्र के अलावा बिहार के अन्य जिलों में भी लोगों को भ्रमित कर कथित रूप से ठगी कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम का गठन कर उसके घर पर छापेमारी की गई।

छापेमारी में घर से कई सामान बरामद

खगड़िया एसपी भानु प्रताप सिंह के मुताबिक, पुलिस ने मनीष गुप्ता के गोगरी-जमालपुर स्थित घर पर छापेमारी की। इस दौरान 31 लीटर महंगी विदेशी शराब, प्रतिबंधित बारहसिंगा के दो सींग, एक महंगी टेस्ला कार, 23 क्रेडिट कार्ड, 8 डेबिट कार्ड और एप्पल कंपनी के पांच आईफोन बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, बरामद टेस्ला कार पर ‘IAS’ और ‘भारत सरकार’ लिखा हुआ था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इन चीजों का इस्तेमाल आरोपी किस तरह करता था और इनका उसके कथित ठगी के नेटवर्क से क्या संबंध है।

अजीत डोभाल का गुप्त एजेंट होने का दावा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुद को केंद्रीय सतर्कता आयोग से जुड़ा व्यक्ति बताने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उसने खुद को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का गुप्त एजेंट होने का भी दावा किया। पुलिस ने इन दावों को प्रथम दृष्टया फर्जी पाया है। उसके पास से ऐसा पहचान पत्र भी बरामद हुआ है, जिस पर खुद को आईएएस अधिकारी बताया गया था। छापेमारी के दौरान पुलिस को आरोपी के घर से करीब 31 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब अलग-अलग विदेशी ब्रांड की बताई गई है।

Share This Article