ट्रक में बना था गुप्त तहखाना, मोहनिया में 75 लाख की अवैध विदेशी शराब जब्त

KK Sagar
3 Min Read

बिहार में नए-नए तरीके अपनाकर राज्य में अवैध शराब पहुँचाने कोशिश कर रहे हैं। कैमूर जिले के मोहनिया चेकपोस्ट का है, जहां उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक 14 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत बाजार में 72 से 75 लाख रुपये बताई जा रही है। शराब की यह खेप पंजाब से बिहार लाई जा रही थी। पूरे मामले में पुलिस बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही है।

75 लाख की अवैध शराब बरामद, 550 पेटी विदेशी शराब जब्त

मोहनिया चेकपोस्ट पर पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने 14 चक्का ट्रक से करीब 75 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद की है। उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि पंजाब से एक 14 चक्का ट्रक में गुप्त तहखाना बनाकर बिहार में शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने दुर्गावती से संदिग्ध ट्रक का पीछा करना शुरू किया और मोहनिया चेकपोस्ट पर ट्रक को रोक लिया।

जांच के दौरान ट्रक के अंदर बेहद शातिराना तरीके से बनाए गए गुप्त तहखाने का पता चला। स्कैनर और पुलिस की नजरों से बचाने के लिए तहखाने के चारों ओर जैविक खाद यानी गोबर से भरे बोरे लादे गए थे। तहखाने की तलाशी लेने पर 550 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई। इसमें करीब 4,815 लीटर शराब बताई जा रही है, जिसकी कीमत करीब 75 लाख रुपये है।

इस मामले में पुलिस ने हरियाणा निवासी दो आरोपियों विकास और नितेश कुमार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान विकास ने बताया कि उसने यह ट्रक कानपुर से लिया था और इसे पटना पहुंचाना था। इसके बदले उसे 50 हजार रुपये देने की बात हुई थी।
उत्पाद विभाग के अनुसार, शराब के मुख्य कारोबारियों के नाम और पते की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

TAGGED:
Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....