डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटानगर से रामपुर बाजार के बीच चलने वाली परीक्षा स्पेशल ट्रेन के परिचालन का दायरा बढ़ा दिया है। चक्रधरपुर रेल मंडल ने परीक्षार्थियों की सहूलियत और संभावित भीड़ को देखते हुए इस ट्रेन के फेरे बढ़ाने का फैसला लिया है, जिसके बाद अब यह स्पेशल ट्रेन 17 अगस्त से 22 अगस्त तक पटरी पर दौड़ेगी। रेलवे प्रशासन के इस फैसले से झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में परीक्षा देने जा रहे हजारों छात्रों को आवागमन में सीधी राहत मिलेगी।
ट्रेन का विस्तृत शेड्यूल
टाटानगर से रामपुर बाजार (ट्रेन संख्या 08181)
परिचालन तिथि: 17 अगस्त से 21 अगस्त तक
प्रस्थान: टाटानगर स्टेशन से हर शाम 07:30 बजे
आगमन: अगले दिन सुबह 09:30 बजे रामपुर बाजार पहुंचेगी।
रामपुर बाजार से टाटानगर (ट्रेन संख्या 08182)
परिचालन तिथि: 18 अगस्त से 22 अगस्त तक
प्रस्थान: रामपुर बाजार स्टेशन से रोजाना सुबह 10:00 बजे
आगमन: अगले दिन मध्यरात्रि (रात) 12:45 बजे टाटानगर पहुंचेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
छात्रों की सुविधा के लिए इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव मार्ग के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर तय किया गया है। टाटानगर, खड़गपुर, अंदुल, डानकुनी, बर्द्धमान, बोलपुर, रामपुरहाट, पाकुड़, न्यू फरक्का, मालदा टाउन, एकलाखी, बुनियादपुर, गंगारामपुर, रामपुर बाजार। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ऐन मौके पर ट्रेनों में होने वाली नो-रूम और वेटिंग लिस्ट की समस्या से बचाने के लिए यह विस्तार दिया गया है, ताकि परीक्षार्थी बिना किसी मानसिक तनाव के सही समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें।

