एयर इंडिया की Delhi-Phuket फ्लाइट में पायलट का ड्रग टेस्ट पॉजिटिव, दूसरे टेस्ट में भी गांजे की पुष्टि?

Reena Sharma
2 Min Read

एयर इंडिया की फुकेट-दिल्ली फ्लाइट में 4 अगस्त को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे गिर गया। एयरबस A320 में तीन बच्चों और आठ क्रू सदस्यों समेत 137 लोग सवार थे। घटना के दौरान 20 यात्री और चार केबिन क्रू सदस्य घायल हुए थे। विमान बाद में सुरक्षित दिल्ली में उतारा गया।

इस मामले की जांच में अब बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, पायलट-इन-कमांड (PIC) का शुरुआती साइकोएक्टिव-सबस्टेंस टेस्ट नेगेटिव नहीं आया था। इसके बाद सैंपल को निर्धारित लैब में भेजा गया, जहां कन्फर्मेटरी टेस्ट में मारिजुआना (गांजा) की पुष्टि हुई।

पायलट के व्यवहार को लेकर शिकायत
रिपोर्ट के अनुसार, फ्लाइट के केबिन क्रू ने पायलट-इन-कमांड के कथित नशे में होने जैसे व्यवहार को लेकर एयरलाइन में शिकायत भी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पायलट को नशामुक्ति प्रक्रिया से गुजरना पड़ सकता है और प्रमाणित होने के बाद ही उन्हें दोबारा उड़ान की अनुमति दी जा सकती है।

विमान में क्या हुआ था?
जब विमान की ऊंचाई अचानक कम हुई, उस समय पायलट-इन-कमांड को-पायलट की सीट के पीछे झुके हुए खड़े थे। विमान कुछ समय के लिए ‘नेगेटिव जी’ की स्थिति में चला गया, जिससे कॉकपिट में रखी चीजें और पायलट ऊपर की ओर उछल गए। सीट बेल्ट नहीं लगाए यात्रियों को भी चोटें आईं। इसके बाद को-पायलट ने विमान का नियंत्रण संभाला और उसे सुरक्षित दिल्ली में उतारा।

जांच कर रही हैं एजेंसियां
एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) मामले से जुड़े तकनीकी, परिचालन, चिकित्सा और मानवीय पहलुओं की जांच कर रहा है। वहीं DGCA भी अपने नियमों की समीक्षा कर रहा है। घटना के बाद एयर इंडिया की संचालन व्यवस्था और पायलट प्रशिक्षण को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Share This Article