धनबाद। यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे व्यवस्था की निगरानी के दौरान धनबाद लेडीज स्क्वायड ने बिना वैध प्राधिकरण के खुद को टीटी बताकर यात्रियों के टिकटों की जांच कर रही एक महिला को पकड़ा। यह कार्रवाई 12 अगस्त 2026 को ट्रेन संख्या 13545 आसनसोल–गया मेमू एक्सप्रेस में की गई।
जानकारी के अनुसार, धनबाद लेडीज स्क्वायड टिकट चेकिंग दस्ते द्वारा आसनसोल से धनबाद के बीच टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन में मौजूद हॉकरों और यात्रियों ने स्क्वायड को सूचना दी कि एक महिला स्वयं को टीटी बताकर यात्रियों के टिकटों की जांच कर रही है।
सूचना मिलने के बाद धनबाद लेडीज स्क्वायड की प्रभारी श्रीमती नूतन माला कुजूर और अन्य महिला टिकट जांच कर्मचारियों ने महिला की पहचान और प्राधिकरण का सत्यापन किया। जांच के दौरान संदेह की पुष्टि होने पर धनबाद कमर्शियल कंट्रोल को तत्काल सूचना दी गई।
इसके बाद धनबाद स्टेशन पर उप स्टेशन अधीक्षक (वाणिज्य) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की मौजूदगी में महिला को ट्रेन से उतारा गया। आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए उसे जीआरपी, धनबाद को सुपुर्द कर दिया गया।
धनबाद मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध रूप से रेलवे कर्मचारी बनकर टिकट जांच या किसी अन्य गतिविधि में शामिल दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल रेलकर्मियों या रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दें।

