डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह बिष्टुपुर स्थित ऐतिहासिक गोपाल मैदान में हर्षोल्लास व गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने परेड का निरीक्षण करने के बाद ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। समारोह में पुलिस बल, होमगार्ड, स्काउट्स एंड गाइड्स और रैंजर्स की टुकड़ियों ने भव्य व आकर्षक मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास का लाभ: उपायुक्त
उपायुक्त राजीव रंजन ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों, वीर शहीदों और महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि झारखंड की पावन धरती वीरता, संघर्ष और त्याग की साक्षी रही है। स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। हमारा संकल्प है कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और महिलाओं की भागीदारी के साथ पूर्वी सिंहभूम एक सशक्त व समावेशी जिला बने। अपने संबोधन में उपायुक्त ने स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, JSLPS, समाज कल्याण, कृषि, पेयजल, श्रम, राजस्व और निर्वाचन सहित विभिन्न क्षेत्रों में जिले द्वारा हासिल की गई प्रमुख उपलब्धियों का ब्योरा साझा किया।

वीर नारी व उत्कृष्ट कर्मियों का सम्मान
समारोह के दौरान उपायुक्त व वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा शहीद नायक अखिलेश श्रीवास्तव (ब्रिगेड ऑफ द गार्ड्स) की धर्मपत्नी वीर नारी कनकलता को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, निर्वाचन और पुलिसिंग में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों व कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन (स्कॉउट-गाइड)
प्रथम स्थान: रैंजर (गर्ल्स)
द्वितीय स्थान: स्काउट (बॉयज)
तृतीय स्थान: गाइड (गर्ल्स)

जिले के प्रमुख कार्यालयों में भी फहराया गया तिरंगा
गोपाल मैदान के मुख्य समारोह के अलावा जिले के सभी प्रमुख प्रशासनिक कार्यालयों में भी ध्वजारोहण संपन्न हुआ।

समाहरणालय, उपायुक्त आवासीय कार्यालय व रेडक्रॉस भवन: उपायुक्त श्री राजीव रंजन
एसएसपी कार्यालय, आवासीय कार्यालय व पुलिस लाइन: वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब
आईटीडीए कार्यालय: उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान
अनुमंडल कार्यालय (धालभूम): अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा
अनुमंडल कार्यालय (घाटशिला): अनुमंडल पदाधिकारी अमिताभ भगत
जिला जनसंपर्क कार्यालय: उप निदेशक जनसंपर्क पंचानन उरांव
इसके साथ ही सभी प्रखंड मुख्यालयों, थानों, निकायों और शिक्षण संस्थानों में विभागाध्यक्षों व संस्था प्रमुखों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। समारोह में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब, ग्रामीण व नगर पुलिस अधीक्षक, जेएनएसी नगर आयुक्त, अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, एनईपी निदेशक सहित जिले के तमाम प्रशासनिक पदाधिकारी, पुलिस बल और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




