जमशेदपुर में बारिश ने बदला मौसम का मिजाज: धालभूमगढ़ से घाटशिला तक झमाझम, जानें अपने इलाके का हाल

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:झारखंड में मानसून एक बार फिर पूरी रफ्तार पकड़ने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पूर्वी सिंहभूम समेत राज्य के कई हिस्सों में अगले 48 घंटों मंगलवार और बुधवार के दौरान मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट पर बना अवदाब आगे बढ़ रहा है। यह सिस्टम झारखंड और बिहार होते हुए उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा, जिसके चलते राज्यभर में हल्की से मध्यम और कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।

नदियां बढ़ा रहीं चिंता, तटीय इलाकों में अलर्ट!
लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र की प्रमुख सुवर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर एक बार फिर प्रशासन और स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है। हालांकि, पिछले दिनों की तुलना में नदियों के वाटर लेवल में थोड़ी गिरावट आई थी, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक तेज बारिश होने से दोनों नदियों का जलस्तर फिर से तेजी से बढ़ सकता है।

धालभूमगढ़ में रिकॉर्ड 90.8 मिमी बारिश
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में पूरे झारखंड में सबसे ज्यादा बारिश पूर्वी सिंहभूम के धालभूमगढ़ (90.8 मिमी) में दर्ज की गई है।

अन्य प्रमुख इलाकों में दर्ज की गई बारिश

मुसाबनी: 68.6 मिमी, गुड़ाबांधा: 49.2 मिमी, बहरागोड़ा: 44.6 मिमी,घाटशिला: 30.6 मिमी

कैसा रहेगा तापमान?
सोमवार दोपहर को जमशेदपुर में हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मंगलवार को रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। प्रशासन ने नदियों के आसपास और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Share This Article