पटना में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान तेजस्वी यादव से एक ऐसी चूक हो गई, जिसने सियासी रंग ले लिया। दशरथ मांझी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे तेजस्वी ने अपने संबोधन की शुरुआत में गलती से दशरथ मांझी की जगह जीतन राम मांझी का नाम ले लिया। हालांकि, वहां मौजूद लोगों के टोके जाने के बाद उन्होंने तुरंत अपनी गलती सुधार ली।
तेजस्वी की इस जुबानी चूक पर जीतन राम मांझी ने भी पलटवार करने में देर नहीं की। सोमवार को पटना स्थित राष्ट्रीय जनता दल के राज्य कार्यालय में पर्वत पुरुष दशरथ मांझी की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। संबोधन के दौरान उन्होंने कहा, “जीतनराम मांझी के श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित…” इसके बाद लोगों के ध्यान दिलाने पर उन्होंने तुरंत अपना बयान सुधार लिया।
मामला सामने आते ही जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया के जरिए तेजस्वी पर तंज कस दिया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “नशा शराब में होती तो नाचती बोतल।” मांझी ने कहा कि लगता है बाबू साहब का रात वाला नशा अभी उतरा नहीं था, इसलिए उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा कि अगर हालात नहीं सुधरे तो आने वाले समय में तेजस्वी जीते जी अपने पिता लालू यादव और राबड़ी देवी को भी श्रद्धांजलि दे सकते हैं। उन्होंने अंत में कहा, “नशा कुछ भी करा सकता है।”

