देवघर। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया गांव में छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक घर से विभिन्न ब्रांड की कुल 94 पीस शराब बरामद की है। मामले में पुलिस ने नंदू महथा नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सरकारी शराब दुकान से शराब खरीदकर अपने घर में छिपाकर रखता है और बाद में उसे अवैध तरीके से बेचता है। सूचना का सत्यापन करने के बाद नगर थाना पुलिस की टीम ने बरमसिया गांव में छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।
बरामद शराब में Sterling Reserve B7, Royal Challenge, Royal Stag, Iconiq White और Godfather Beer शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद शराब में 180 एमएल और 375 एमएल की बोतलों के अलावा 500 एमएल की बीयर भी शामिल है। कुल मिलाकर 94 पीस शराब बरामद की गई।
इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 320/26, दिनांक 18 अगस्त 2026 के तहत धारा 274/275 बीएनएस एवं 47(क) झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

